रेवाड़ी। जिले में एक कंपनी के कर्मचारी ने गूगल पर फ्लिपकार्ट के नंबर सर्च किए थे लेकिन यह नंबर ठग के निकले और उसने क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते से 90 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर बावल थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
कस्बा बावल के गांव आनंदपुर निवासी ओमबीर सिंह ने बताया कि वह एक कंपनी में काम करता है। 6 जून को उसने फ्लिपकार्ट से मोबाइल ऑर्डर किया था लेकिन तय समय पर मोबाइल उसे मिला। इसलिए उसने गूगल से फ्लिपकार्ट के कस्टमर केयर नंबर सर्च किए। ओमबीर ने गूगल पर मिले नंबरों पर संपर्क किया तो उसे बताया गया कि उसका कार्ड एक्सेप्ट नहीं हुआ, जिसकी वजह से उसे मोबाइल नहीं भेजा गया। संबंधित व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर एक ऐप डाउनलोड कराई। ओमबीर ने उस ऐप पर अपने बैंक खाता और क्रेडिट कार्ड से संबंधित सारी जानकारी भर दी।
कुछ देर में ही उसके एचएडएफसी बैंक खाते से 6 बार में 55 हजार रुपये कट गए। साथ ही उसके क्रेडिट कार्ड से भी हजारों रुपये बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। उसने जांच की तो पता चला कि बैंक खाता और आईसीआईसी क्रेडिट कार्ड से कुल 90 हजार 86 रुपये कटे हैं। उसने शिकायत बावल थाना पुलिस को दी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बावल थाना पुलिस का कहना है कि जिन खातों में नकदी ट्रांसफर की गई है, उनकी पड़ताल की जा रही है। जल्द ही शातिर को दबोच लिया जाएगा।