कंवाली बस स्टैंड पर एटीएम तोड़ने के लिए कमरे में घुसने के लिए चोरों द्वारा तोड़ी गई दीवार।
- फोटो : Rewari
जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद है। शनिवार की रात को खोल थाना क्षेत्र के गांव कंवाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को तोड़कर पैसे निकाले का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। रविवार सुबह चौकीदार आया तो वारदात के बारे में पता चला। इस बारे में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कंवाली बस स्टैंड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के साथ ही एटीएम लगी हुई है। एटीएम बूथ का कक्ष बैंक के साथ सटा हुआ है। उसके साथ ही दो दुकानें हैं। शनिवार को बैंक में अवकाश होने की वजह से बैंक और एटीएम बूथ दोनों ही बंद थे। इसी का फायदा उठाते हुए शनिवार की रात को पहुंचे बदमाशों ने एटीएम में तोड़फोड़ करके पैसे निकालने के इरादे से दो दुकानों की दीवार तोड़कर फिर एटीएम के कक्ष में गए। हैरानी की बात यह है कि दोनों दुकानों की दीवार तोड़ने में बदमाशों का काफी समय भी लगा होगा, लेकिन किसी को भी इसके बारे में पता नहीं चल पाया। बदमाशों ने एटीएम की कैश-ट्रे को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। संभवत: इसमें अधिक समय लग गया होगा। रविवार सुबह बैंक का चौकीदार दुकानों के पीछे गया तो उसने देखा कि दुकानों की दीवार टूटी हुई थी। देखा तो तीन दीवार तोड़ी हुई थी जिससे उसे भी घटना समझते देर नहीं लगी। तत्पश्चात उसने इसकी सूचना बैंक के अधिकारियों को दी। शाखा प्रबंधक ने बताया कि एटीएम में कितना पैसा था, यह एटीएम का संचालन करने वाली एजेंसी के ही अधिकारी बता पाएंगे। एजेंसी के अधिकारी सोमवार को यहां पर पहुंचेंगे।