बावल। बावल नगर पालिका के आम चुनाव के लिए रविवार को शांतिपूर्ण मतदान होने से प्रशासनिक अमला ने राहत की सांस ली। वहीं, बिना रुकावट सुचारु मतदान से मतदाताओं के चेहरों पर खुशी दिखी। इस दौरान दिव्यांग हों या फिर बुजुर्ग सभी ने इस चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और महिलाएं भी पीछे नहीं रही। इस दौरान शांतिपूर्ण मतदान और बारिश होने पर बुजुर्ग रामफल बोले ‘आज म्हारा गाम और राम दोनूं खुश से...।
उधर, युवाओं की टोलियां अपने प्रत्याशी की चौकी पर बैठकर लोगों की पर्चियां बनाती नजर आईं। कुछ युवा मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने और ले जाने में व्यस्त नजर आए। गर्मी के इस मौसम में बारिश की झड़ी लगने से मतदान दल भी खुश दिखा। फर्जी मतदान नहीं होने से चेयरमैन पद के 12 प्रत्याशियों और नगर पार्षद पद के 36 प्रत्याशी संतुष्ट नजर आए। सरकारी तौर पर इस चुनाव में 84.6 प्रतिशत मतदान होने का दावा किया गया है। उधर अलग -अलग वार्ड में अलग-अलग मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।
---------------
ईवीएम सुरक्षित रखवाई
देर शाम सभी मशीनों को एसडीएम बावल के कार्यालय के ऊपर बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया। इस मौके पर एसडीएम बावल कम रिटर्निंग अधिकारी संजीव कुमार, डीएसपी राजेश लोहान, नायब तहसीलदार रवि कुमार समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा चुनावी कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
----------------
मेले जैसा रहा नजारा
मतदान के दौरान लगभग सारा दिन रेवाड़ी-बावल रोड पर मेले जैसा नजारा दिखाई दिया। बावल की नई सब्जी मंडी के मोड़ से लेकर नगर परिषद तक भीड़ चलती हुई दिखाई दी। उधर बारिश होने की वजह से सड़क के दोनों ओर जलभराव साफ नजर आया। खुद उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग, एडीजीपी डा. रविकिरण, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भी बारिश और वाहनों के जाम से नहीं बच पाए।
----------------------
-------------------
पांच संवेदनशील मतदान केंद्र
बावल में वार्ड 3 से 7 तक पांच संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए थे। इस पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार नजर बनाए रहे। ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इस दौरान कई बार पुलिस अधिकारियों ने केंद्र पर दौरा कर पड़ताल की।
-------------
मतदान केंद्र 3 पर 10 मिनट तक रुका रहा मतदान
मतदान केंद्र तीन पर सुबह दस मिनट तक मतदान रुका रहा। मतदान शुरू होने के कुछ समय बाद ही ईवीएम में कोई तकनीकी खराबी आने की वजह से ऐसा हुआ। कुछ समय बाद इसे दुरुस्त कर दिया गया। यहां 9 बजे तक केवल 12 प्रतिशत ही मतदान हो सका।
------------------------
मतदान केंद्र 5 पर सहकारिता मंत्री ने पत्नी संग डाला मत
मतदान केंद्र पांच पर सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने अपनी पत्नी ममता संग मतदान किया। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा किया।
------------------
चुनाव पर एक नजर पद - चेयरमैन और 13 नगर पार्षद - कुल उम्मीदवार 12 चेयरमैन पद के लिए जबकि 37 नगर पार्षद पद के लिए मैदान में - वार्ड 6 से एकमात्र उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाने की कतार में - कुल उम्मीदवार 48 - कुल मतदाता - 10995 - 5720 पुरुष व 5292 महिलाएं - वार्ड 5 में सर्वाधिक 1082 व वार्ड 13 में सबसे कम 498 मतदाता। - कुल मतदान 84.6 प्रतिशत सरकारी आंकड़े अनुसार - कुल 9300 मतदाताओं ने किया मतदान
-------------------------
मतदान पर एक नजर
वार्ड कितने वोट - कितने पड़े - मतदान प्रतिशत
01 - 638 - 551 - 86.36
02 - 771 - 667 - 86.15
03 - 1050 -978 - 93.14
04 - 1032 - 839 - 81.3
05 - 1082 - 870 - 80.41
06 - 1002 - 553 - 85.13
07 - 1070 - 930 - 86.92
08 - 838 - 744 - 88.78
09 - 739 - 618 - 83.63
10 - 867 - 672 - 77.51
11 - 844 - 691 - 81.87
12 - 564 - 482 - 85.46
13 - 498 - 405 - 81.33
यह आंकड़ा मतदान पूर्ण होने के बाद छह बजे बाद का है, जो सरकारी तौर पर जारी हुआ।
----------------------
-------------------
बुजुर्ग और दिव्यांग भी दिखे उत्साह में
इस चुनाव को लेकर बुजुर्ग और दिव्यांग भी पूरे उत्साह में नजर आया। बुजुर्गों के परिजन उन्हें मतदान कराने के लिए व्हील चेयर, पर बैठाकर मतदान केंद्र तक लेकर आए।