रेवाड़ी। शहर के मॉडल टाउन स्थित बाल भवन में गीतापुरम में आजादी का अमृत महोत्सव व गीता थीम के साथ रविवार को गरिमामयी ढंग से जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज हुआ। इस दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग व जिला प्रशासन की संयुक्त भागीदारी के साथ आयोजित गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संपूर्ण मानवता का ग्रंथ गीता में समाहित है। मनुष्य को कर्म करना चाहिए। यदि व्यक्ति कर्म को कर्तव्य मानकर चलेगा तो लक्ष्य की प्राप्ति होगी।
सीईओ जिला परिषद जयदीप कुमार व एसडीएम रेवाड़ी रविन्द्र यादव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सहकारिता मंत्री ने आजादी अमृत महोत्सव के मद्देनजर देश पर शहीदों की वीरांगनाओं व वीर सपूतों का सम्मान कर उन्हें सलाम किया। इस दौरान डीसी यशेंद्र सिंह, एडीसी आशिमा सांगवान, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कपिल पुनिया, डीडीपीओ एचपी बंसल, एसडीएम रविंद्र कुमार, जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव, तहसीलदार प्रदीप देशवाल, सचिव रेडक्रॉस सोसायटी बिजेंद्र सहरोत, सतीश मस्तान, दलीप शास्त्री, उषा आर्य, बलजीत यादव, विवेक धींगड़ा, डॉ. ज्योत्सना यादव, मंच संचालक प्रदीप जैलपुरिया मौजूद रहे।
महोत्सव का आगाज शंखनाद के साथ हुआ
बाल भवन परिसर के गीतापुरम में सांस्कृतिक मंच से विख्यात कलाकार प्रदीप जैलपुरिया व सांस्कृतिक विधा से जुड़ी डॉ. ज्योत्स्ना यादव ने बेहतरीन सामंजस्य बनाये रखते हुए दर्शकों को मुख्य मंच व महोत्सव की गतिविधियों से जोड़ते हुए महोत्सव को भव्य बनाने में अपनी भागीदारी निभाई। महोत्सव का आगाज शंखनाद के साथ हुआ।
स्टॉल के माध्यम से जनहित से जुड़े संदेशों को पहुंचाने की सार्थक पहल
प्रदर्शनी में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, अमर शहीद राव तुलाराम के जीवन वृतांत को दर्शाती स्टॉल, रेजांग ला के अमर शहीदों के गौरवशाली इतिहास का ज्ञान कराती स्टॉल के उपरांत जिला बाल कल्याण परिषद, पुलिस विभाग, आरएसओ, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, रेडक्रास सोसायटी, बागवानी, खाद्य एवं पूर्ति विभाग, कृषि, राष्ट्रीय ग्रामीण शहरी आजीविका मिशन, स्वास्थ्य विभाग, खेल एवं युवा कार्यक्रम, जनस्वास्थ्य विभाग, डिजिटल एनआईसी, मत्स्य पालन विभाग, हैफेड, महिला उद्यमी एवं हस्तकला, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आयुष विभाग, इस्कॉन, ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जीयो गीता, नवप्रेरणा संस्था, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग सहित आर्य साहित्य केंद्र की ओर से स्टॉल के माध्यम से जनहित से जुड़े पहलुओं व योजनाओं का संदेश आमजन तक पहुंचाने की सार्थक पहल की गई।
सेल्फी प्वाइंट के साथ हरियाणा की शान पगड़ी रही आकर्षण का केंद्र
गीता महोत्सव के पहले दिन हर आयु वर्ग के लोगों ने हरियाणा की शान पगड़ी बंधवाकर गौरवान्वित महसूस किया। सभी लोगों ने सेल्फी प्वाइंट पर पगड़ी बांधकर फ़ोटो खिंचवाईं। इस दौरान यह आकर्षण का केंद्र बना रहा।
-----------------------
मंच पर कलाकारों का मंचन प्रभावी रहा
जिलास्तरीय गीता महोत्सव के पहले दिन सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की टीम ने गीता सार के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। उसके बाद आरपीएस धारूहेड़ा की टीम ने देशभक्ति समूहगान, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा आरती ने रागिनी, आर्टिस्ट प्रदीप जैलपुरिया ने लाडो रानी रैप, आरपीएस धारूहेड़ा की टीम ने राधे कृष्ण नृत्य, अंतरराष्ट्रीय स्तर की कलाकार भरतनाट्यम शैली में कलाकार वाणी द्वारा कृष्ण वंदना की प्रस्तुति, राकवमावि की टीम का समूह नृत्य, राज इंटरनेशनल स्कूल टीम द्वारा एकल अभिनय-अश्वथामा संवाद, रावमावि बावल के अरमान ललित द्वारा एकल नृत्य, उमा भारती स्कूल द्वारा श्लोकोच्चारण, लियाकत अली द्वारा हरियाणवी आर्केस्टा, रावमावि बावल द्वारा समूह गान गीता थीम, राकवमावि रेवाड़ी द्वारा एकल हरियाणवी लोक नृत्य, रूही मदान एवं लायन्स क्लब महिला विंग द्वारा भजन व श्लोकोच्चारण, रागिनी, इस्कॉन टीम द्वारा संकीर्तन के साथ ही लावण्या फॉउंडेशन द्वारा देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति ने महोत्सव को भव्य बना दिया।