पत्रकारवार्ता को संबोधित करते डीएसपी अमित भाटिया।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। सीआईए रेवाड़ी ने हत्या, लूट, मारपीट व पैसे छीनने सहित कई संगीन वारदात में शामिल 6 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी अमित भाटिया ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी।
आरोपियों ने कुछ दिन पहले ही शहर की नई अनाज मंडी में व्यापारी के साथ लूट व गांव गोलकपुर में हत्या की वारदात को भी अंजाम दिया था। सभी आरोपी रेवाड़ी, झज्जर व रोहतक जिले के निवासी हैं। उप-पुलिस अधीक्षक अमित भाटिया ने बताया कि सीआईए को बुधवार को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि 5/6 लड़के सेक्टर-18 में गाड़ी से घूम रहे है। जिनके पास अवैध हथियार हैं। सूचना के आधार पर निरीक्षक सतेंद्र सिंह इंचार्ज सीआईए रेवाड़ी की अगुवाई में पीएसआई सचिन, प्रधान सिपाही विजय सिंह साइबर सेल, प्रधान सिपाही मुकेश कुमार, सिपाही हरदीप, सिपाही विकास, सिपाही सत्यपाल सिंह, सिपाही नितेश की टीम ने कार में सवार 6 लोगों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान मनीष सैनी उर्फ यमराज निवासी मोहल्ला सैनीपुरा रेवाड़ी व हाल निवासी बेरी झज्जर, मंदीप उर्फ फौजी निवासी बालरोड़ जिला चरखी दादरी, विकास निवासी गांव भाली जिला रोहतक, अजय उर्फ राणा निवासी नई बस्ती रेवाड़ी, कृष्ण कुमार निवासी कतोपुर रेवाड़ी व मनोज निवासी किलोई जिला रोहतक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 तीन कट्टे, 7 कारतूस व एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस ने हत्या व लूट सहित अन्य वारदात का भी किया खुलासा
आरोपियों से पूछताछ के दौरान बीते शुक्रवार को रेवाड़ी की अनाज मंडी में व्यापारी के साथ कट्टे के बट से मारपीट करके पैसे छीनने व जान से मारने की धमकी देने, गत मई माह में गोकलपुर गांव (बूडाना चौक ठेका) के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या करने व जुलाई माह में ही दादरी से रोहतक रोड पर एक गाड़ी लूटने का खुलासा हुआ है। डीएसपी ने बताया कि सभी 6 आरोपियों ने 30 जुलाई की शाम को अनाज मंडी रेवाड़ी में व्यापारी दीपक कुमार की दुकान में घुसकर कट्टे का बट मारपीट कर नकदी सहित आधार कार्ड व वोटर कार्ड आदि छीनने व जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अलावा इनमें से आरोपी मनीष सैनी व मंदीप उर्फ फौजी बीते 30 मई की शाम को सतीश पुत्र सत्यम निवासी गांव नान्धा (बलबाडी) जिला रेवाड़ी की गोकलपुर गांव (बूडाना चौक ठेका) के पास गोली मारकर हत्या करने के मामले में शामिल थे। इसके अलावा आरोपी विकास व मंदीप उर्फ फौजी ने माह जुलाई में ही रोहतक-दादरी रोड बहादुरगढ़ के पास एक गाड़ी को लूट लिया था।