रेवाड़ी शहर में दिल्ली रोड स्थित जेएलएन नहर से एक छात्र का शव मिला है। छात्र एक दिन पहले घर से लापता हो गया था। वह अपने चार दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एकलौती संतान की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जांचकर्ता रणवीर सिंह ने बताया कि शहर के शांति नगर में रहने वाला जयप्रकाश (15) एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। अपने माता-पिता की इकलौती संतान जयप्रकाश का 2 जुलाई को जन्मदिन था और 5 जुलाई को उसके माता-पिता की शादी की सालगिरह थी। बुधवार की दोपहर जयप्रकाश अपने चार दोस्तों के साथ नहर पर नहाने गया था।
देर रात तक जब घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पिता हेमंत ने उसके दोस्तों को फोन किया पर रिसीव नहीं हुआ। वीरवार की सुबह जयप्रकाश के एक दोस्त ने उसके परिजनों को बताया कि वे सब लोग नहर पर नहाने गए थे।
इसी दौरान नहर में डूब गया। इसके बाद परिजन दिल्ली रोड नहर पर पहुंचे तो जयप्रकाश का शव पंप पर पानी में उतराया हुआ मिला। सूचना पर शहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
तीन माह में डूबने से जा चुकी है 7 लोगों की जान
नहरों में सुरक्षा के किसी तरह के इंतजाम नहीं होते। इसलिए यह जानलेवा हो जाता है। जिला प्रशासन ने नहरों में नहाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। पकड़े जाने पर कार्रवाई के भी आदेश हैं। इस साल मई, जून व जुलाई में नहर व स्वीमिंग पूल में डूबने से 7 की मौत हो चुकी है।
मई के अंतिम सप्ताह में गांव ततारपुर इस्तमुरार निवासी युवक की डूबने से मौत हो गई थी। वह बाजार आया था और रास्ते में नहर पर नहाने के लिए उतर गया था। इसी तरह शहर के मोहल्ला कुतुबपुर से कई बच्चे नहाने के लिए कोनसीवास गांव के समीप पहुंच गए। इस दौरान 2 बच्चों के डूबने के बाद अन्य बच्चे वहां से भाग आए थे। घटना में अपने ननिहाल आए 1 अन्य बच्चे की मौत हो गई।
इसी तरह जैतपुर गांव में वॉटर टैंक में नहाने के लिए उतरे शाहपुरा गांव के युवक की मौत हो गई थी। शहर के गढ़ी बोलनी रोड स्थित एक स्वीमिंग पुल में कंपनी कर्मचारी की डूबने से मौत हो गई थी। जुलाई के पहले ही सप्ताह में कोसली स्थित जेएलएन नहर में नहाने गई एक हरियाणवी कलाकार दीपांशी दीवान की डूबने से मौत हो गई थी। वह यहां पर अपने मामा के शादी के कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।
शहर के दिल्ली रोड स्थित नहर मेें एक बच्चे का शव बरामद हुआ है। उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में बच्चे के दोस्तों से पूछताछ की जाएगी।
- जांचकर्ता, रणवीर सिंह, शहर थाना