फोटो : 25रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जागरूक करते पुलिस की टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता से ही साइबर अपराध से बचा जा सकता है।
एएसआई उर्मिला ने बताया कि आज के डिजिटल युग में जहां सोशल मीडिया और ऑनलाइन सुविधाओं ने जीवन को आसान बनाया है वहीं साइबर अपराधियों की सक्रियता भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आए दिन बैंकिंग फ्रॉड, फेक कॉल, ओटीपी हैकिंग, फिशिंग मेल, फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया पर ठगी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
यात्रियों को बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अज्ञात कॉल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी या ओटीपी साझा न करें। ऑनलाइन टिकट बुकिंग करते समय केवल अधिकृत वेबसाइट या एप का ही इस्तेमाल करें। सोशल मीडिया पर अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने यह भी बताया कि रेलवे यात्रियों को अकसर फर्जी लॉटरी, कूपन, या फ्री गिफ्ट स्कीम के नाम पर ठगा जाता है। ऐसे मामलों में सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है। इस मौके पर हेड कांस्टेबल पूनम, कांस्टेबल वीणा व रेलवे स्टेशन का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित यात्रा और डिजिटल सतर्कता की जानकारी देना था।