संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पुलिस की नशा मुक्ति टीमों ने सोमवार को गांव सुठाना, पिथनवास, सापली, आशियाकी पांचौर व मुकुंदपुर बसई में स्थित सरकारी स्कूलों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों को नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
विद्यार्थियों ने शपथ लेते हुए कहा कि वे कभी नशा नहीं करेंगे। शिक्षा और खेल पर ध्यान देतें। आसपास के लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि नशा एक ऐसी बुराई है, जिससे व्यक्ति की मौत समय से पहले ही हो जाती है। नशा करने वाला व्यक्ति अपने साथ साथ पूरे परिवार का जीवन खराब कर देता है।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले युवा पीढ़ी को नशे से बचाना होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के इस अभियान से प्रेरित होकर जहां युवा शिक्षा और खेल गतिविधियों की ओर अग्रसर हो रहे हैं। अनेक युवकों ने नशा छोड़ने की पहल की है। प्रशासन की मदद से ऐसे युवकों का इलाज करवाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों की असली जगह जेल में है, इसलिए नशे का कारोबार करने वालों की सूचना निसंकोच होकर पुलिस को दें, पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नशा एक अभिशाप है इसका मिलकर बहिष्कार करें।
उन्होंने कहा कि नशा करने वाले, नशा बेचने वालों की जानकारी पुलिस को हेल्पलाइन नंबर 1933 या 112 नंबर पर दे। सूचना देने वाले का पता व जानकारी बताने वाले व्यक्ति का नाम पता गुप्त रखा जाएगा।