रेवाड़ी। युवा नशे से दूर रहकर पढ़ाई और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। नशा युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर देता है। ये बातें निरीक्षक रामपाल ने कोसली व भाकली में आयोजित नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान में कहीं।
रामपाल ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर, परिवार और समाज तीनों का सबसे बड़ा शत्रु है। यह न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि आप सभी विद्यार्थी देश का भविष्य हो।
पढ़ाई, खेल और अपने सपनों में ध्यान लगाओ, नशे जैसी बुरी आदतों से हमेशा दूर रहो। अगर गांव या आस-पास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
नशा मुक्ति टीम ने कहा कि नशा शरीर ही नहीं, बल्कि जीवन और समाज के लिए भी जहर है। नशामुक्त और स्वस्थ रहना ही देश की सुरक्षा व प्रगति की गारंटी है।
इसके साथ ही नशा मुक्ति टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के खतरों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आजकल अपराधी फोन कॉल, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से व्यक्तिगत जानकारी जैसे ओटीपी, पासवर्ड आदि हासिल करने की कोशिश करते हैं।
ऐसे में सभी को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। किसी भी साइबर ठगी होने पर साइबर राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें आपकी गोल्डन ऑवर में दी गई शिकायत पर ठगों के खातों में जाने से पहले उन्हें फ्रीज कराया जा सकता है।
नशा मुक्ति टीम ने अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दें।