मंदिर के बाहर चोरी का विरोध जताते लोग। संवाद
- फोटो : तेंदुए के हमले में घायल वीरेंद्र पाल।
बावल। गांव रायपुर स्थित बाबा बडदेव मंदिर का मंगलवार को तड़के ताला तोड़कर चोर 6 चांदी के छत्र और दान पेटी में रखे 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। चार दिनों में मंदिर में चोरी की यह दूसरी घटना है।
मंदिर के पुजारी पं. सत्यनारायण ने बताया कि वह रोजाना की तरह सोमवार रात मंदिर के कपाट बंद कर ताला लगाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब सवा तीन बजे एक श्रद्धालु मंदिर में माथा टेकने पहुंचा तो उसने मंदिर का ताला टूटा हुआ देखा। श्रद्धालु ने तुरंत इसकी सूचना दी।
जब वह मंदिर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बाबा बडदेव की मूर्ति पर चढ़े छह चांदी के छत्र (1 किलो) गायब थे। इसके अलावा बाबा की मूर्ति के आगे दानपेटी में रखे 60 हजार रुपये नहीं नहीं थे।
घटना की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी गई। सूचना मिलने पर पीसीआर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। थाना बावल पुलिस का कहना है कि चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
-
4 दिन पहले सात दुकानों और दो मंदिरों में हुई थी चोरी की घटनाएं
बावल थाना क्षेत्र में 4 दिन पहले ही चोरों ने नांगल तेजू बस अड्डे सहित तीन अलग-अलग स्थानों पर स्थित 7 दुकानों और दो मंदिरों के दानपात्रों के ताले तोड़कर चोरी की थी। चोरों ने रात के समय बस अड्डे व रघुनाथपुरा के पास सात दुकानों के ताले तोड़े थे। इन दुकानों से लगभग ढाई लाख रुपए का सामान और नकदी चोरी की गई थी। इसके अलावा ढाणी अहीर स्थित शिव मंदिरों के दानपात्र का ताला तोड़कर 4 हजार रुपये चुराए गए थे। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज में तीन नकाबपोश चोर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे। अभी चोर पकड़े नहीं गए हैं।