बावल मार्ग पर स्थित दुकान में विभिन्न किस्म के गुड़। संवाद
रेवाड़ी। ठंड के मौसम में गुड़ की बिक्री बढ़ गई है। इन दिनों बाजारों में गुड़ की मांग तेजी से बढ़ी है। सेहत के लिए फायदेमंद माने जाने वाले देसी गुड़ की खपत में इजाफा देखने को मिल रहा है।
यही वजह है कि मंडियों में ताजा गुड़ के अच्छे दाम मिल रहे हैं, जिससे किसानों और दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। बाजार में हल्का पीला, भूरा और लाल रंग का गुड़ लोगों की पसंद बना हुआ है। मंडी में इस समय ताजा गुड़ 45 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जबकि बढ़िया किस्म का गुड़ 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
बावल मार्ग स्थित किराना संचालक बबलू यादव ने बताया कि इन दिनों गुड़ की अच्छी खपत हो रही है। ठंड के मौसम में इससे बनी मिठाइयां, तिल-गुड़, गुड़ की चाय और अन्य गर्म पेय पदार्थों की मांग बढ़ जाती है।
लोग सर्दी-जुकाम से बचाव और शरीर में गर्मी बनाए रखने के लिए भी गुड़ का सेवन कर रहे हैं। भाड़ावास मार्ग के व्यापारी विकास कुमार ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ इसकी खपत और बढ़ने की संभावना है।