संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव जलालपुर स्थित एक निजी स्कूल के ऑफिस मेंं 3.25 लाख रुपये चोरी हो गए। स्कूल संचालक ने स्वीपर पर चोरी में सहयोग करने का आरोप लगाया है। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
कसौला थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव जलालपुर के नितिन चौहान ने कहा कि उसने गांव में पुष्पा कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल खोला हुआ है। 27 फरवरी को उनके पिता सुरेन्द्र सिंह स्कूल में आए थे और स्कूल में बने ऑफिस के गल्ले में 325000 रुपये रखे थे। उन्होंने गल्ले को लॉक भी कर दिया था। 28 फरवरी को जब वह ऑफिस पहुंचे तो गल्ले का लॉक टूटा हुआ था और उसमें रखी नगदी गायब थी। ऑफिस में लगे सीसीटीवी चैक करने पर पता चला कि एक युवक गल्ले से नगदी निकालते हुए दिखाई दे रहा है। उन्हें शक है कि स्कूल के स्वीपर ने योजना बनाकर उक्त चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। स्वीपर ने ही उक्त युवक को ऑफिस में घुसाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।