मार्च माह बीतने में अभी 3 दिन बाकी हैं लेकिन सूरज आग बरसाने लगा है। गर्मी ने सबके पसीने छुड़ा दिए हैं। सोमवार को हरियाण के रेवाड़ी का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 11 साल में 28 मार्च को कभी भी इतना अधिक तापमान नहीं रहा। हालांकि वर्ष 2021 में 29 मार्च को 41.5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचा था। इससे स्पष्ट है कि दो साल से गर्मी के तेवर मार्च माह में ही ज्यादा तीखे होने लगे हैं।
28 मार्च का दिन इस सीजन का भी अभी तक सबसे गर्म दिन रहा है। इससे पहले गत 20 मार्च को जिले में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार को भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस था। दो दिनों में अधिकतम तापमान साढ़े चार डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। पिछले दो दिनों से हो रही तेज गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाए हुए हैं। सोमवार को अधिक गर्मी होने के कारण जहां दिनभर लोग कूलर व एसी से चिपके रहे वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए शीतल पेय के प्रतिष्ठानों पर भी लोगों की अच्छी भीड़ रही।
आगे और बढ़ेगी गर्मी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के बावल क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बलबीर सिंह के अनुसार प्रदेश में 31 मार्च तक मौसम आमतौर पर खुश्क व गर्म रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई गई है।
इससे साफ है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने वाली है। पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में साढ़े चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो चुकी है। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।