संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले की तीन अनाज मंडियों में सरसों की खरीद 15 मार्च से शुरू होगी। रेवाड़ी में हैफेड, कोसली और बावल में हरियाणा वेयर हाउस सरसों की खरीद करेगा। सरसों का समर्थन मूल्य 5950 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है।
सरसों की खरीद को लेकर आढ़तियों के साथ हैफेड डीएम और मार्केटिंग बोर्ड के डीएमईओ के साथ बैठक हुई। प्रशासन अभी तय नहीं कर पाया है कि सरसों की खरीद रेवाड़ी अनाज मंडी में होगी या फिर बिठवाना सब्जी मंडी में। किसान से 1 दिन में 25 क्विंटल सरसों ही खरीदी जाएगी, जिसका गेट पर टोकन मिलेगा। वहां से पास होने के बाद सरसों मंडी में आएगी। किसान सरसों को सुखाकर मंडी में लाएं। 8 प्रतिशत तक नमी वाली सरसों ही खरीदी जाएगी। 2 प्रतिशत तक मिलावट, कच्चा सिकुड़ा हुआ दाना 4 प्रतिशत तक, क्षतिग्रस्त दाना 2 प्रतिशत तक वाली सरसों ही खरीदी जाएगी। अगर इससे ज्यादा प्रतिशत पाया जाता है तो वो सरसों नहीं खरीदी जाएगी। मार्केट बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि उनकी तरफ से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अनाज मंडी के प्रधान अशोक यादव ने बताया कि पहले खरीद बिठवाना मंडी में होती थी, इस बार वहां आपत्ति है। इसलिए रेवाड़ी अनाजमंडी में खरीद को लेकर उनसे चर्चा हुई है। यहां मंडी में निजी खरीद भी होती है, अगर सरकारी खरीद भी यहां होती है तो समस्या हो सकती है। इससे उठान में यहां दिक्कतें आएंगी। जिले में 63 हजार किसानों ने 2 लाख 27 हजार एकड़ जमीन पर फसलों का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाया है। सरसों के लिए 56 हजार किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। हैफेड डीएम प्रवीन शर्मा ने बताया कि किसान से 1 दिन में 25 क्विंटल सरसों ही खरीदी जाएगी, जिसका गेट पर टोकन मिलेगा। वहां से पास होने के बाद सरसों मंडी में आएगी।
वर्जन
15 मार्च से सरसों की खरीद के लिए तैयारी को लेकर आढ़तियों के साथ चर्चा हुई है। अब डीसी से चर्चा की जाएगी। -सत्यप्रकाश, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी, मार्केटिंग बोर्ड।