फोटो :06: सोनीपत के मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई करती छा
सोनीपत। पीएमश्री राजकीय विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर निजी विद्यालयों की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से पहले पीएमश्री स्कूलों को नया स्वरूप देने के लिए 19.36 करोड़ रुपये का मेगा बजट तैयार किया गया है।
यह राशि समग्र शिक्षा योजना के तहत स्वीकृति के लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय को भेज दी गई है। समग्र शिक्षा विभाग की तरफ से प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
नई शिक्षा नीति के तहत जिले में संचालित 11 पीएमश्री राजकीय विद्यालयों में आधारभूत ढांचे से लेकर शैक्षणिक संसाधनों तक व्यापक सुधार किए जाएंगे ताकि विद्यार्थियों को सरकारी स्कूलों में भी निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं मिल सकें।
लैब, पुस्तकालय और हर्बल गार्डन तक होंगे विकास कार्य
प्रस्तावित योजना के तहत विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार कार्य कराए जांएगे। इनमें आधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं की स्थापना, अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, हर्बल गार्डन का विकास, शौचालयों की मरम्मत एवं स्वच्छता व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, विद्यालयों की चहारदीवारी, प्रयोगशालाओं के लिए सॉफ्टवेयर व हार्डवेयर सामग्री, नि:शुल्क पाठ्य सामग्री, पुस्तकालय विस्तार, खेल सामग्री की उपलब्धता और विद्यार्थियों की वर्दी संबंधी आवश्यकताओं पर खर्च किया जाएगा।
वर्जन
जिले के 11 पीएमश्री राजकीय विद्यालयों की सुविधाएं सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत बजट तैयार कर विद्यालय शिक्षा निदेशालय को मंजूरी के लिए भेज दिया है। बजट स्वीकृत होते ही विद्यालयों में सभी विकास कार्यों को पूरा कराया जाएगा।
-नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी