बिजली की समस्या को लेकर एसडीओ से मिलने जाते उत्तम नगर के लोग।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। शहर के उत्तम नगर में शुक्रवार की रात को ट्रांसफार्मर खराब होने से लोगों के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। समस्या को लेकर लोगों ने झज्जर रोड स्थित बिजली उपमंडल कार्यालय में गुुहार लगाई है।
लोगों का कहना है कि शुक्रवार की रात से घरों में बिजली नहीं है। इस समस्या के चलते उत्तम नगर के 500 घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित है। प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने बताया कि उत्तम नगर में लगभग 25 सालों से तार नहीं बदले हैं। इस कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। इस समस्या के चलते लोगों ने इससे पहले बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता को भी ज्ञापन सौंपा है। मगर समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है।
आए दिन खराब होते रहते हैं ट्रांसफार्मर
लोगों ने बताया कि बिजली प्रशासन द्वारा कम लोड वाले ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। जो आए दिन खराब हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि 500 घरों के हिसाब से ज्यादा लोड वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाए। पुुुराने व झुके तार कभी भी हादसों को न्योता दे सकते हैं। पुराने तारों को बदल कर नए तार लगाए जाएं। इस मौके पर सुशील कुमार, ओमप्रकाश शर्मा, जसवंत, सूरज भान, अशोक, राकेश, पप्पल व सतीश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
जल्द कराएंगे समस्या का समाधान
बिजली उपमंडल अधिकारी विजय पाल ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया है। इसके अलावा पुराने तारों को बदलने कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए लाइनमैन को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।