विपुल गार्डन के सामने हाईवे के गड्ढे की हो रही मरम्मत। संवाद
- फोटो : Archive
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर धारूहेड़ा स्थित विपुल गार्डन के सामने बने कट पर करीब एक साल से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने गहरे गड्ढे की आखिरकार मरम्मत कर दी गई है। शिकायत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सोमवार को मौके पर कार्रवाई करते हुए गड्ढे को ठीक करवा दिया।
विपुल गार्डन के सामने बने इस कट का इस्तेमाल आसपास की सोसाइटियों में रहने वाले हजारों लोगों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तथा विभिन्न व्यावसायिक और औद्योगिक इकाइयों की ओर आने-जाने वाले वाहन चालक करते हैं। लंबे समय से सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। बारिश के दौरान जलभराव होने पर गड्ढा दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा भी बढ़ जाता था।
इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत में गड्ढे के कारण वाहन चालकों को हो रही परेशानी और संभावित हादसे की आशंका का उल्लेख किया गया था। इसके बाद सोमवार को हाईवे अथॉरिटी की ओर से गड्ढे की मरम्मत कर दी गई।