रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देश पर जिला पुलिस की 24 टीमों ने बिना लाइसेंस की अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ 55 जगह पर छापा मारकर कार्रवाई कर सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 09 आरोपियों को 147 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा, शहर थाना, बवाल, धारूहेड़ा में कुल 09 मुकदमें दर्ज किए गए। दीपावली के त्योहार पर अवैध शराब की बिक्री न हो इसके लिए जिला पुलिस की टीमें जिलेभर में दबिश में जुट गई थी। जिलेभर के अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी गई। मौके से अवैध शराब सहित आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
दरअसल, पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रबंधकों, चौकी इंचार्जों, अपराध जांच इकाइयों को दीपावली के त्यौहार पर अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से सभी थाना, चौकियों की पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस द्वारा अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, विशेष नाके लगाकर आने जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अगर कोई व्यक्ति किसी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, शरारत इत्यादि करता पाया गया या सार्वजनिक स्थान पर शराब पीता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। वहीं उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति बिना लाइसेंस के अवैध रूप से शराब का भंडारण करता है या बेचने का कार्य करता है। तो इसकी तुरंत सूचना डायल 112 या अपने संबंधित थाने, चौकी में दे। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा।