धारूहेड़ा। बालियर खुर्द गांव की पंचायत ने घटते लिंगानुपात को देखते हुए बेटी बचाओ मुहिम को पर्यावरण संरक्षण के साथ जोड़कर एक अनूठी पहल शुरू की है। इसमें पंचायत ने बेटी के जन्म पर माता-पिता को बधाई पत्र के साथ गांव में एक पौधा भी लगाने का फैसला लिया है।
गांव में नई पंचायत के गठन के साथ ही कन्या भ्रूण हत्या को रोकने की ओर कदम उठाए गए। पंचायत द्वारा लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। हाल ही में गांव के अजीत सिंह की पुत्रवधू पारुल ने कन्या को जन्म दिया। ग्राम पंचायत ने रविवार को पारुल और उसके पति नवीन कुमार को पंचायत के बीच महिला पंच कविता देवी से बधाई पत्र दिलवाया। उन्होंने गांव में एक पौधा भी लगाया। पौधा लगाने के साथ ही नवजात बच्ची के दादा अजीत सिंह ने संकल्प लिया कि वह अपनी पोती और इस पौधे सही से देखभाल करेंगे।
सरपंच राजेंद्र सिंह ने बताया कि बेटा और बेटी एक समान हैं। समाज के लोगों को कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को दूर करने के लिए आगे आना चाहिए। कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा। गांव में जन्म लेने वाली कन्या के परिजनों को ग्राम पंचायत की ओर से पूरा मान-सम्मान देते हुए बधाई पत्र देने का सिलसिला लगातार चलता रहेगा। कन्या के जन्म के साथ गांव में एक पौधा भी लगाया जाएगा, ताकि पंचायत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अपनी भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा कि सभी पंच एकजुट होकर गांव का विकास करने के साथ सामाजिक बुराइयों को भी दूर करने का काम कर रहे हैं। इस मौके पर पन्नालाल यादव, अर्जुन सिंह, सूबेसिंह, भूपसिंह, सतीश, सुनील, फ्लाइंग लेफ्टिनेंट रमेश यादव व चंद्रभान मौजूद रहे।