निरीक्षण के दौरान स्कूल में मौजूद बच्चों से बात करते एसडीएम संजीव कुमार।
- फोटो : Rewari
बावल। सरकार ने शीतलहर व भीषण सर्दी के कारण राज्य के सभी स्कूलों (सरकारी तथा प्राइवेट) में 21 जनवरी तक बढ़ाए गए शीतकालीन अवकाश के मद्देनजर एसडीएम बावल एवं अध्यक्ष उपमंडल विजिलेंस कमेटी संजीव कुमार ने सोमवार को उपमंडल बावल के दिल्ली पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धरचाना, सीआर इंटरनेशनल स्कूल तिहाड़ा, एसके हाई स्कूल पनवाड़, ज्ञानदीप विद्या मंदिर दुल्हेड़ा खुर्द और विमल हृदय कोनवेंट स्कूल दुल्हेड़ा कलां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपरोक्त स्कूलों में कक्षा 10वीं व 12वीं के अलावा अन्य कक्षाओं के विद्यार्थी भी उपस्थित पाए गए। इस दौरान उन्होंने स्कूलों को आदेश का पालन करने का निर्देश दिए हैं। साथ ही अवहेलना पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एसडीएम संजीव कुमार ने सभी स्कूल संचालकों को केवल 10वीं व 12वीं की कक्षाएं प्रात: 10 बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक लगाने के निर्देश दिए, जबकि बाकी कक्षाओं के लिए स्कूल 22 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को घर भेजने के निर्देश देते हुए खंड शिक्षा अधिकारी बावल को निर्देश दिये कि वे स्वयं फील्ड में जाकर प्रतिदिन स्कूलों को निरीक्षण करें और यदि कोई स्कूल खुला पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।
एसडीएम ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते विद्यालयों में 21 जनवरी तक घोषित किए गए शीतकालीन अवकाश के मद्देनजर जिला के सभी निजी व राजकीय विद्यालय 22 जनवरी (रविवार) तक बंद रहेंगे। सभी विद्यालय सरकार के इन आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी स्कूल सरकार के आदेशों की अवहेलना करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।