रेवाड़ी। जिले के सरकारी, एडेड और स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो गई। आवेदन पत्र में संशोधन का अंतिम अवसर बुधवार तक रहेगा। इसके बाद महाविद्यालय स्तर पर 6 जुलाई तक दस्तावेजों का सत्यापन और प्राप्त आपत्तियों का निपटान किया जाएगा।
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार 8 जुलाई को पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी की जाएगी। प्रथम चरण की प्रोविजनल मेरिट सूची 9 जुलाई और अंतिम मेरिट सूची 10 जुलाई को जारी होगी। प्रथम चरण में चयनित विद्यार्थियों को 11 से 15 जुलाई के बीच प्रवेश शुल्क जमा कराना होगा।
दूसरे चरण की प्रोविजनल मेरिट सूची 16 जुलाई और अंतिम मेरिट सूची 17 जुलाई को जारी की जाएगी। इस चरण में चयनित विद्यार्थियों को 18 से 22 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद भी यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो 23 जुलाई से फिजिकल काउंसलिंग शुरू होगी।
24 जुलाई को ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, ताकि अभ्यर्थी नया पंजीकरण करा सकें या आवेदन में संशोधन कर सकें। 25 से 31 जुलाई तक रिक्त सीटों के लिए फिजिकल काउंसलिंग होगी, जबकि 1 से 7 अगस्त तक विलंब शुल्क के साथ प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।
जिले के 11 सरकारी महाविद्यालयों में करीब 5,380 सीटें उपलब्ध हैं, लेकिन अब तक इन सीटों के मुकाबले 60 प्रतिशत आवेदन भी प्राप्त नहीं हुए हैं। आवेदन संख्या कम रहने पर उच्च शिक्षा विभाग ने पहले प्रवेश तिथियों का विस्तार भी किया था, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई। ऐसे में कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि फिजिकल और ओपन काउंसलिंग के दौरान शेष सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया में तेजी आएगी।
कॉलेजों में आवेदन की स्थिति
कोसली स्थित राजकीय महाविद्यालय में बीए की 220 सीटों के लिए 455 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीकॉम की 80 सीटों के लिए 60, बीएससी लाइफ साइंस की 80 सीटों के लिए 115 और बीएससी फिजिकल साइंस की 160 सीटों के लिए 150 आवेदन मिले हैं। वहीं, खरखड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय में बीए की 320 सीटों के लिए 164 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीकॉम की 160 सीटों के लिए 92, बीएससी फिजिकल साइंस की 80 सीटों के मुकाबले 13 और बीएससी मेजर इन केमिस्ट्री की 40 सीटों के लिए 16 आवेदन आए हैं।
वर्जन
स्नातक में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। अब दस्तावेजों का सत्यापन, आपत्तियों का निपटान के बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों से मेरिट सूची जारी होने के बाद निर्धारित समय के अंदर प्रवेश शुल्क जमा करने की अपील की गई है ताकि उनका प्रवेश सुनिश्चित हो सके।-त्रिदेव, नोडल एडमिशन अधिकारी, राजकीय महाविद्यालय कोसली।