रेवाड़ी शहर और धारूहेड़ा में कुछ दिनों से महिलाओं की चेन छीनने की घटनाए बढ़ गई थीं। वीरवार को धारूहेड़ा सेक्टर-छह थाना पुलिस ने एक छपटमार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान धारूहेड़ा के देव नगर निवासी सन्नी के रूप में हुई है। आरोपी युवक ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर महिलाओं से चेन छीनने की वारदात करता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत से रिमांड पर लिया है। आरोपी का दूसरा साथी अभी फरार है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने रेवाड़ी, धारूहेड़ा और भिवाड़ी में वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने बताया कि धारूहेड़ा के सेक्टर छह निवासी बिमला देवी 16 अक्तूबर की शाम पैदल दूध लेने जा रही थीं। वह जलघर के निकट पहुंची तो मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। सेक्टर-छह थाना पुलिस ने बिमला देवी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी कैमरे की सहायता से हुई आरोपी पहचान
धारूहेड़ा और रेवाड़ी में आए दिन महिलाओं के साथ झपटमारी की वारदात से भय का माहौल बना हुआ था। हर बार बदमाश वारदात कर भागने में कामयाब हो रहे थे। पुलिस पर आरोपियों को गिरफ्तार के लिए दबाव बढ़ रहा था। इसी दिन रेवाड़ी में भी चेन छीनने की वारदात हुई थी। सेक्टर-छह की वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य स्रोतों से आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने जांच के बाद वीरवार की शाम को देव नगर निवासी सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सन्नी ने अपने साथी के साथ मिल कर धारूहेड़ा, भिवाड़ी और रेवाड़ी में चेन स्नेचिंग की वारदात स्वीकार की है। जांच अधिकारी एएसआई लेखराम ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। उसके दूसरे साथी की भी तलाश की जा रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों द्वारा की गई वारदात, छीनी गई चेन बरामद करने और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।