रेवाड़ी। गांव दिदौली के निकट एक पिकअप की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जाटूसाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। दूसरी ओर गांव गोकलगढ़ और कापड़ीवास के निकट हुए सड़क हादसों में दो लोग घायल हुए हैं।
गांव कंवाली निवासी बाबूलाल को गांव दिदौली के निकट रविवार को एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में बाबूलाल की मौत हो गई। सूचना के बाद जाटूसाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। कंवाली निवासी आशीष की शिकायत पर पिकअप चालक जसवंत के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। वहीं दूसरी ओर गांव गोकलगढ़ निवासी योगेश बाइक से रेवाड़ी से घर जा रहा था।
गांव के निकट स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो पीछे से एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। परिजनों ने योगेश को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सदर थाना पुलिस ने योगेश के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव कापड़ीवास निवासी इंद्रपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है। 20 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह कंपनी से पैदल ही वापस घर लौट रहे थे। गांव कापड़ीवास के निकट पीछे से एक मोटरसाइकिल चालक ने इंद्रपाल को टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए और मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने इंद्रपाल को उपचार के लिए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। धारूहेड़ा सेक्टर-छह थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।