फोटो : 10आरोपी, मन्नान। स्रोत : पीआरओ
धारूहेड़ा। सीआईए धारूहेड़ा ने चालक को बंधक बनाकर हाईवा डंपर लूटने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जिला नूंह के गांव जैमत निवासी मन्नान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दरअसल, यूपी के जिला देवरिया के गांव बंसतपुर निवासी अरविंद सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह एसआईपीएल कंपनी का हाईवा चलाता है और इस कंपनी का प्लाट बाम्बड फतेहपुरी के पास है। 3 दिसंबर 2022 को वह हाईवा दस टायरी को लेकर पटौदी जा रहा था। जब वह रात करीब डेढ़ बजे प्लाट से 3 किमी दूर बाम्बड फतेहपुरी की सीमा में चौराहे पर पहुंचा तो एक चालक ने हाईवा के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। गाड़ी में से कुछ व्यक्ति उतरे जिनके हाथों में कट्टे व डंडा थे। अरविंद सिंह ने बताया कि इस दौरान एक व्यक्ति हाईवा पर सवार हो गया ओर उसे गाड़ी से उतारकर आंखों पर पट्टी बांधकर अपनी कार में बैठा लिया। आरोपियों ने उसे कार में करीब एक घंटा इधर उधर घूमाकर रामगढ़ रोड पर छोड़ दिया। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कसौला में मामला दर्ज करके सात आरोपी शाहरूख, हरमत, सद्दाम, सदरूदीन, अजरुदीन, राशिद व साबिर उर्फ भूटो को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने मन्नान को भी गिरफ्तार कर लिया है।