फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: छठ महापर्व पर आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धा

Sat, 14 Nov 2026 11:31 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
छठ पूजा के लिए प्रसाद तैयार करती महिलाएं। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। शनिवार को खरना के बाद महिलाओं ने व्रत शुरू कर दिया। रविवार को छठ पूजा के तीसरे दिन व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके लिए श्रद्धालुओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विज्ञापन

शनिवार को सुबह से ही घरों में पूजा की सामग्री सजाने और पारंपरिक प्रसाद तैयार करने का सिलसिला जारी रहा। बांस के सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री रखकर व्रती शनिवार शाम को घाटों पर पहुंचेंगे।
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखेंगे। शाम को परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचकर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित करेंगे।
विज्ञापन

इस दौरान छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की जाएगी। खरना के बाद शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूरा होगा।

घरों में तैयार किया पारंपरिक ठेकुआ और प्रसाद
पूर्वांचल सेवा समिति के सदस्य अश्विनी ने बताया कि छठ पूजा को लेकर घरों में विशेष साफ-सफाई और शुद्धता का ध्यान रखा जा रहा है। व्रतियों ने पूजा के लिए गेहूं को धोकर सुखाने के बाद आटा तैयार किया और उससे पारंपरिक ठेकुआ बनाया। इसके अलावा चावल के लड्डू, कसार और अन्य प्रसाद भी तैयार किए गए हैं। पूजा के सूप में केला, नारियल, सेब, संतरा, गन्ना, मूली और अन्य मौसमी फल रखे जाएंगे। छठ पूजा में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष महत्व होता है। श्रद्धालु पारंपरिक तरीके से इन सामग्रियों के साथ सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

सोमवार तड़के घाटों पर पहुंचेंगे व्रती
महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को व्रती सुबह सूर्योदय से पहले ही घाटों पर पहुंचेंगे। यहां पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की कामना की जाएगी। सुबह का अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करेंगे और करीब 36 घंटे से चल रहे निर्जला उपवास को समाप्त करेंगे। इसके बाद घरों में प्रसाद वितरण किया जाएगा।

डूबते और उगते सूर्य की उपासना का पर्व है छठ
पंडित विजेंद्र तिवारी ने बताया कि छठ पूजा की सबसे खास परंपरा यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया के प्रति आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना का प्रतीक माना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें