रेवाड़ी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है। विद्यार्थी 31 दिसंबर तक संस्थानों में मेरिट कार्ड प्रस्तुत करके दाखिला ले सकेंगे। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की तरफ से नये आवेदन के लिए भी पोर्टल को चालू कर दिया गया है।
मिशन एडमिशन के तहत आईटीआई में चल रही दाखिला प्रक्रिया को चार माह हो चुके हैं, लेकिन जिले की सभी राजकीय आईटीआई में भी अभी तक सीटें नहीं भर पाई। स्थिति यह है कि कई आईटीआई में करीब 30 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं। प्राइवेट आईटीआई की बात करें तो यहां तो स्थिति इससे भी ज्यादा खराब है।
खाली सीटों की स्थिति को देखते हुए हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने एक बार फिर से दाखिले की तारीख बढ़ा दी है। अब इच्छुक विद्यार्थी 31 दिसंबर तक दाखिले ले सकते हैं। इससे पहले 19 दिसंबर आखिरी तारीख तय की गई थी। इस तरह चौथी बार विभाग ने दाखिले की तारीख बढ़ाई है। हालांकि ऑन स्पाट दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को 30 दिसंबर तक आवेदन करने होंगे। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
-------------------
यह रहेगी दाखिला प्रक्रिया
दाखिला ऑन द स्पाट प्रक्रिया के तहत होगा। इच्छुक पुराने व नए विद्यार्थी आवेदनकर्ता मेरिट के आधार पर रोजाना 11 बजे तक संबंधित आईटीआई में व्यक्तिगत रूप से दस्तावेज के साथ मौजूद रहेंगे। साथ ही उन्हें मौके पर खाली सीटों में से मनचाही सीट पर मेरिट के आधार पर रोजाना दाखिला दे दिया जाएगा।
---------------------
आईटीआई में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगेंगी कक्षाएं
हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने कक्षाओं के समय में बदलाव कर दिया है। अब सभी राजकीय और अराजकीय आईटीआई में सुबह 10 बजे से 4 बजे तक कक्षाएं लगेंगी। इतना ही नहीं इस बीच कोई भी अर्ध अवकाश भी नहीं होगा। इससे पहले सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कक्षाओं का समय निर्धारित किया गया था। निदेशालय ने आदेश जारी करते हुए यह भी कहा है कि इस दौरान प्रशिक्षण अवधि की कटौती को प्रिसिपल अपने स्तर पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। यह आदेश 25 जनवरी 2022 तक जारी रहेंगे।
-----------------------
कोट
ठंड बढ़ने के कारण संस्थानों में अब प्रशिक्षण कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगेंगी। सुबह और शाम के समय संस्थान में आने-जाने के समय प्रशिक्षुओं को कोई दिक्कत न हो इसीलिए विभागीय निदेशालय ने यह आदेश जारी किए हैं।
- सुनील कुमार यादव, प्राचार्य, राजकीय औद्योगिक संस्थान रेवाड़ी।