प्राणपुरा स्थित राजकीय स्कूल में पौधरोपण अभियान में भाग लेते बच्चे एवं स्टाफ। स्रोत: स्कूल
बावल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्राणपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत मेगा पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में 100 से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। अभियान का आयोजन इको क्लब प्रभारी मंजीत सिंह और विद्यालय के डीडीओ हुकम सिंह तंवर की देखरेख में किया गया।
पौधरोपण अभियान में प्रवक्ता कंवल सिंह, देवेंद्र सिंह, कुसुम लता, सुनीता यादव, डीपी उदय सिंह, टीना यादव, क्लर्क सुरेंद्र कुमार, कंप्यूटर शिक्षिका सुनीता, लैब सहायक नवीन कुमार सहित विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पौधों को लगाने के साथ उनकी नियमित देखरेख करने का संकल्प लिया।
इको क्लब प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि पौधरोपण अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें प्रकृति से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। विद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।
मंजीत सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के सहयोग से विद्यालय परिसर में हर्बल वाटिका भी तैयार की गई है। इसमें सदाबहार, हरसिंगार, करी पत्ता, ग्वारपाठा, पुदीना, इलायची और आंवला सहित विभिन्न औषधीय पौधे लगाए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को इन पौधों के उपयोग, लाभ और औषधीय गुणों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।