संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। विधायक अनिल यादव ने कोसली में आरओबी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय से कार्य पूरा कराया जाए। उनके साथ एसडीएम विजय कुमार यादव भी थे।
विधायक अनिल यादव ने शुक्रवार को सुबह आरओबी के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। लोगों ने बताया कि पुल के चल रहे काम की वजह से बाजार में दुकानों के सामने वाहन खड़े रहते हैं। डेढ़ साल से दुकानदारों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
आरओबी का काम पूरा हो जाए तो वाहनचालकों को सुविधा होगी। फिलहाल लोगों को काफी दिक्कतें वहन करनी पड़ रही है। विधायक ने कहा कि वे नियमित रूप से आरओबी के निर्माण कार्य का आकलन करेंगे। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सतेंद्र श्योराण विधायक अनिल यादव को बताया कि एक-दो ड्राइंग की मंजूरी मिली बाकी है, जोकि जल्दी मिलने की संभावना है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले तीन माह में आरओबी आवागमन के लिए तैयार हो जाएगा। एसडीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरओबी की लंबाई 950 मीटर है और इसके मरम्मत कार्य पर 11.5 करोड़ की राशि खर्च होगी।
आरओबी के निरीक्षण के बाद नाहड़ रोड़ स्थित अपने कार्यालय में विधायक अनिल यादव ने जनसमस्याओं की सुनवाई की और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का निवारण शीघ्र कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोसली हलके के चहुंमुखी विकास के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर पंचायत समिति चेयरमैन दुष्यंत सिंह, चेयरमैन प्रवीन, मंडल अध्यक्ष हरीश, कपिल, जिला पार्षद जीवन हितैषी सहित अनेक गांवों के सरपंच व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।