रेवाड़ी। जिले में शनिवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई हैं, लेकिन सुबह-शाम को होने वाली ठंड से ठिठुरन बरकरार रही। वहीं दिन के समय धूप निकलने से लोगों को ठंड का ज्यादा अहसास नहीं हुआ।
जिले में दिसंबर में ठंड पिछले कई वर्षों के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को न्यूनतम तापमान में पिछले चार दिनों के बाद एक बार फिर से बढ़ोतरी हुई। शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार पड़ रही सर्दी में घरों और कार्यालयों में रूम हीटर का प्रयोग कर रहें हैं। वहीं जगह-जगह लोग अलाव सेककर सर्दी से बचाव का प्रयास कर रहें हैं। मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में ठंड बढ़ने व धुंध पड़ने की संभावना जताई गई है।
---------------------
धूप निकलने से फसलों को होगा फायदा
लगातार पड़ रही सर्दी के बीच दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिली है। अगर दिन में धूप निकलती है तो फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। कृषि वैज्ञानिक भी किसानों को मौसम साफ होने पर ही सिंचाई करने की सलाह दे रहे हैं।
----------------
अस्पताल में बढ़ी मरीजों की संख्या
तापमान में उतार चढ़ाव का स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा हैं। हर घर में कोई ना कोई सदस्य सर्दी, खासी, जुकाम आदि से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दे रहें हैं। दिन में धूप में बैठने पर भी गर्म कपड़े सिर और पैरों को ढककर बैठने की सलाह दे रहे हैं। खानपान के साथ बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
कोट
जिले में न्यूनतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को बढ़ोतरी हुई है, लेकिन अभी भी सुबह और शाम को ठंड बरकरार है। वहीं अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड फसलों के लिए लाभदायक है।
-डॉ. धर्मबीर यादव, रीजनल डायरेक्टर, क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र बावल