रेवाड़ी। सरकार की ओर से व्यापारियों को राहत देने के लिए सोमवार से लागू किए गए ऑड-ईवन फार्मूले से शहर के 31 ट्रेड एसोसिएशन संगठनों में से अधिकतर में रोष है। व्यापारिक संगठनों के प्रधानों का कहना है कि सरकार को अपने फैसले को संशोधित करना चाहिए। सुबह 7 से 12 की बजाय समय बढ़ाए जाने की जरूरत है। वहीं प्रशासन की ओर से भी स्पष्ट कहा गया है कि सरकार के आदेशों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। जो आदेश मिले हैं सभी को उसी के तहत दुकानें खोलनी होंगी। वहीं होटल व रेस्टोरेंट संचालक भी प्रशासन के इस फैसले से खुश नहीं हैं। क्योंकि यहां पर काम ही दोपहर बाद शुरू होता है। करीब 20 दिन बाद दुकानें खुलने के पहले दिन ही नियमों की अवहेलना करने वाले 31 दुकानदारों के चालान कर 11 हजार का जुर्माना भी लगाया गया। बता दें कि सोमवार को ईवन नंबर की दुकानें खोली गई थी, मंगलवार को ऑड नंबर की दुकानें 12 बजे तक ही खोली जा सकेंगी।
खुलने से पहले ही बंद करने की रहेगी चिंता :
व्यापारिक संगठनों का तर्क है कि दुकान 9 बजे तक खुलती हैं, ऐसे में खोलने से पहले ही बंद करने की चिंता बढ़ जाएगी। संगठनों के अनुसार लगभग 20 दिन के लॉकडाउन के बाद सरकार ने व्यापारियों की तरफ ध्यान तो दिया परंतु सावधानीपूर्वक सारी बातें नोटिस नहीं की गई। सुबह 7 से 12 बजे तक खोलने का फरमान आया है। यह नियम दुकानदारों के लिए लॉकडाउन से भी ज्यादा परेशान करने वाला होगा। 9 बजे से पहले कर्मचारी दुकानों पर नहीं आते हैं, आवागमन के साधन बहुत कम हैं। आसपास के गांव-देहात के भी लोग सुबह 10 बजे से पहले मार्केट में नहीं आते हैं। लगभग आधा घंटा दुकान बढ़ाने में लगता है। डेढ़ घंटे में क्या दुकानदारी होगी सरकार को सोचना चाहिए और व्यापारियों की भी सुननी चाहिए।
सुबह 9 से शाम पांच बजे तक दुकानें खोलने देने की मांग
संगठनों की मांग है कि सुबह 9 से शाम 5 बजे तक दुकान खोलने का समय देना चाहिए। इससे पहले भी किराना व्यापारियों व सब्जी विक्रेताओं की दुकानों के खुलने का सुबह 9 से शाम 6 बजे तक का समय था। सरकार के दुकान खोलने के आदेश से व्यापारी व ग्राहक को भी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
होम डिलीवरी कर सकेंगे होटल व रेस्टोरेंट संचालक
शहर के पॉश सेक्टर-3, 4 व मॉडल टाऊन में प्रशासन की ओर से मैक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। ऐसे में यहां की शॉपिंग कांप्लेक्स पहले से ही बंद हैं। यहां पर अधिकतर रेस्टोरेंट व होटल हैं। इसके अलावा बाजारों में होटल व रेस्टोरेंट का समय भी दोपहर 12 बजे तक का ही निर्धारित है। हालांकि इनको होम डिलीवरी की छूट रहेगी।
मोहल्लों व कॉलोनियों की दुकानें खुल सकेंगी
सरकार के आदेशों के अनुसार एकांत की दुकानें शाम तक खोली जा सकती हैं। अर्थात बाजारों से बाहर व मोहल्लों व कॉलोनियों में चलने वाली दुकानें शाम तक खोली जा सकेंगी। लेकिन सभी को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है।
-----
सरकार को सुबह 7 की बजाय दुकान खोलने का समय 9 बजे से करना चाहिए। सुबह सात बजे का कोई तर्क नहीं बनता है। इससे व्यापारिक संगठनों में रोष है। समय बढ़ाना चाहिए, ताकि व्यापारियों व ग्राहकों को राहत मिल सकेे।
सुरेश सैनी, प्रधान नया बाजार
---
व्यापारियों में दुकान खोलने से ज्यादा बंद करने की चिंता रहेगी। दुकानों पर ग्राहक 10 बजे से पहले नहीं आते हैं। आधा घंटा पहले बढ़ाने की तैयारी करनी पड़ती है। ऐसे में डेढ़ घंटे में क्या दुकानदारी होगी समझ से परे हैं। राहत की बजाय यह आदेश परेशान करने वाला है।
-धीरज शर्मा, भाड़ावास गेट ट्रेड एसोसिएशन प्रधान
---
सरकार को कुछ दुकानें खोलनी थी, इसके चलते दुकानदारों को सुबह 7 बजे से 12 बजे तक का समय देकर खानापूर्ति की गई है। समय सुबह 9 से शाम पांच बजे तक का होना चाहिए। सरकार का ओड-ईवन का आदेश राहत की बजाय परेशान करने वाला है।
-बबलू जैन, गुड बाजार एसोसिएशन प्रतिनिधि
-----
सरकार के आदेशों को सभी को मानना होगा। समय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक ही रहेगा। यदि कोई भी व्यापारी नियमों की अवहेलना करता है तो कार्रवाई होगी। सोमवार को भी नियमों को नहीं मानने पर 31 दुकानदारों के चालान काटे गए हैं।
मनोज यादव, ईओ, नप रेवाड़ी।