रेवाड़ी। नियम 134 ए के तहत दाखिले के लिए शुक्रवार को अंतिम तारीख तक पहली सूची में शामिल 2151 बच्चों में से महज 523 के ही दाखिले हुए हैं। हालांकि मौलिक शिक्षा निदेशालय की ओर से शुक्रवार को दाखिले की अंतिम तारीख सात जनवरी तक बढ़ा दी गई है। अभिभावकों ने शुक्रवार को भी लघु सचिवालय में धरना दिया।
जिला राजस्व अधिकारी राजेश ख्यालिया ने शिक्षा विभाग सहित संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए दाखिलों को लेकर रिपोर्ट ली। वहीं शनिवार को दोबारा शिक्षा विभाग के अधिकारियों और दाखिले के लिए नियुक्त किए गए ऑब्जर्वरों की बैठक बुलाई गई है। अधिवक्ता कैलाश चंद की अगुवाई में अभिभावकों की तरफ से निजी स्कूलों द्वारा दाखिला नहीं जाने पर शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजकर समाधान की मांग की।
जिले में अभी भी एक दर्जन से अधिक स्कूल अड़ियल रवैया अपनाए हुए हैं, जबकि कुछ स्कूलों ने कार्रवाई के डर से सूची में शामिल बच्चों के कागजात तो लेकर रख लिए हैं, लेकिन अभिभावकों को दाखिले को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है।