रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला टंडूवाड़ा में एक बेटे ने अपनी मां के सिर पर लोहे के पाइप से वार कर उसे अस्पताल पहुंचा दिया। उपचार के दौरान जब पुलिस को सूचना मिली तो उन्होंने उक्त महिला के बयान पर उसके बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज करके कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
अस्पताल में अपना इलाज करा रही पीड़ित महिला शकुंतला ने पुलिस को बताया कि वह घरेलू कार्य करती है। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। बेटे की शादी कर दी है जबकि दोनों बेटियों की शादी अभी करनी है। वह किसी पर बोझ नहीं बनना चाहती इसलिए अपनी बेटियों और खुद के लिए सम्मान पूर्वक जीवन यापन के लिए कुछ धन कमा लेती हैं। उसने कहा कि उसका बेटा लिंकन मकान बेचने की जिद कर उन पर नाजायज दबाव बना रहा है। वह बार-बार इस बात से मना कर रही थी। उसने कहा कि अगर उसने अपना मकान बेच दिया तो बेटियों की शादी कैसे और कहां करेगी। इसी बात को लेकर बेटे लिंकन और उसकी पत्नी रिया ने शकुंतला के साथ झगड़ा किया। लिंकन ने महिला के सिर में लोहे का पाइप दे मारा। इसके बाद उसकी बेटी पूजा ने पुलिस को फोन किया तो उसके बेटा-बहू मौके से फरार हो गए और जाते समय जान से मारने की धमकी दे गए। पुलिस ने घायल महिला शकुंतला के बयान पर बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं।