रेवाड़ी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के पहले दिन शनिवार को पीजीटी (लेवल-3) की परीक्षा जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर हुई। दोपहर 3 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक आयोजित इस परीक्षा में 5 हजार 455 अभ्यर्थी शामिल हुए। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और मेटल डिटेक्टर लगाए गए थे। केंद्रों पर नोडल अधिकारी, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और फ्लाइंग स्क्वॉड लगातार निगरानी करते रहे।
प्रश्नपत्रों के सीलबंद बॉक्स ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खोले गए। अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश से पहले उनकी गहन जांच की गई। छात्राओं से हेयर पिन, नाक की कील, गले का धागा समेत अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं उतरवाई गईं।
परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को भी मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी। परीक्षा केंद्रों के बाहर और अंदर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू की गई थी।
वहीं, परीक्षा के दौरान आसपास संचालित फोटोस्टेट की दुकानों को भी बंद रखा गया। पुलिस ने चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया। परीक्षा के मद्देनजर जिलेभर में 38 नाके स्थापित किए गए थे। करीब 350 पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई पहले दिन की परीक्षा
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि शनिवार को पहले दिन प्रशासन की ओर से किए गए कड़े सुरक्षा प्रबंधों के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना अनिवार्य किया गया था। केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर और बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रभारियों और केंद्र अधीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई तथा प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी तैनाती सुनिश्चित की गई।
आज दो शिफ्ट में होगी परीक्षा, 9,831 अभ्यर्थी होंगे सम्मिलित
एचटेट के दूसरे दिन रविवार को जिले में परीक्षा दो शिफ्टों में होगी। पहली पाली में सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें 23 परीक्षा केंद्रों पर 7 हजार 287 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यह दोनों दिनों में सबसे अधिक अभ्यर्थियों वाली परीक्षा होगी। दूसरी पाली में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा होगी। इस परीक्षा में 2 हजार 544 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पीआरटी परीक्षा जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही दो दिवसीय एचटेट परीक्षा का समापन हो जाएगा।
मध्यम स्तर पर रहा पेपर
इस बार पेपर मिला-जुला रहा। कुछ प्रश्न सरल थे, जबकि कुछ प्रश्न काफी कठिन और सोचने वाले थे। कुल मिलाकर पेपर का स्तर मध्यम रहा। समय प्रबंधन ठीक रहा और सभी प्रश्न हल करने का पर्याप्त समय मिला। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की कोई तकनीकी या अन्य परेशानी नहीं हुई। -उर्वशी, परीक्षार्थी।
अंग्रेजी और हिंदी का पेपर रहा चुनौतीपूर्ण
अंग्रेजी और हिंदी विषय का प्रश्नपत्र अन्य विषयों की तुलना में थोड़ा कठिन रहा। बाकी विषयों के पेपर काफी आसान थे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार प्रश्नपत्र का स्तर अधिक कठिन था, क्योंकि पिछले साल अधिकांश पेपर अपेक्षाकृत आसान आए थे। हालांकि, उनका मानना है कि परीक्षा का स्तर संतुलित रहने के कारण इस बार भी कटऑफ अच्छी रहने की संभावना है।-सुनीता, परीक्षार्थी
पिछले वर्ष से अधिक कठिन पेपर
पेपर पिछले वर्ष की तुलना में अधिक कठिन था। कई प्रश्नों ने काफी समय लिया और पेपर का स्तर अपेक्षाकृत ऊंचा लगा। इसके कारण इस बार कटऑफ कम रहने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और सभी व्यवस्थाएं अच्छी थीं। समय थोड़ा कम महसूस हुआ लेकिन परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हुई।- मंजूरानी परीक्षार्थी
120 अंक तक आने की उम्मीद
इस बार परीक्षा का प्रश्नपत्र सामान्य से आसान रहा। अधिकांश प्रश्न सीधे और पाठ्यक्रम आधारित थे, जिससे उन्हें प्रश्न हल करने में अधिक कठिनाई नहीं हुई। कुछ प्रश्न जरूर सोचने वाले थे, लेकिन निर्धारित समय के भीतर उन्होंने पूरा पेपर हल कर लिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर माहौल शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। आरती ने कहा कि कुल मिलाकर पेपर संतोषजनक रहा और उन्हें उम्मीद है कि परीक्षा में उनके करीब 120 अंक आएंगे।-आरती, परीक्षार्थी
सेक्टर-18 स्थित परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
सेक्टर-18 स्थित परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद