राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैया लाल की बर्बर से हत्या करने के विरोध में जिले में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं शहर का दिल कहे जाने वाले मोती चौक पर आतंकवाद का पुतला भी फूंका। साथ ही जय श्रीराम के नारे लगाए गए।
दरअसल, एक दिन पहले ही उदयपुर में तेजधार हथियार से टेलर कन्हैया लाल की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। कन्हैया लाल की हत्या के बाद देशभर में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। बुधवार की दोपहर बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ता शहर में एकत्रित हुए और फिर प्रदर्शन करते हुए मोती चौक पर पहुंचे।
यहां उन्होंने आतंकवाद का पुतला फूंका। साथ ही इस्लामिक कट्टरता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जय श्रीराम के नारे लगाए। विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रधान राधे श्याम मित्तल ने कहा कि जेहादियों द्वारा जो हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है उसको लेकर राजस्थान सरकार से मांग है कि इस पर तुरंत रोक लगे। साथ ही कन्हैया लाल के हत्यारों को 24 से 48 घंटे के भीतर फांसी की सजा मिले। अगर सरकार कर सकती है तो तुरंत कदम उठाए वरना अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कभी दंगे हो रहे तो कभी हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे है इन पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वोट की खातिर हिंदुओं को इस्तेमाल किया जाता है। जब अत्याचार होता है तो सिर्फ टालमटोल होती है।