महाराणा प्रताप चौक पर सजी फल की दुकान। संवाद
रेवाड़ी। गर्मी के मौसम में फलों की मांग बढ़ने के साथ ही दामों में तेजी देखने को मिल रही है। दो सप्ताह में प्रमुख फलों के दाम 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं जिससे लोगों की जेब पर असर पड़ा है।
आढ़तियों के अनुसार आने वाले दिनों में मांग और बढ़ने पर कीमतों में और इजाफा हो सकता है। हालांकि मंडियों में फलों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है लेकिन मांग अधिक होने के कारण दाम ऊंचे स्तर पर टिके हुए हैं। जहां पहले केले 50 से 60 रुपये दर्जन बिक रहे थे। अब वे 70 से 80 रुपये दर्जन तक पहुंच गए हैं।
सेब 100 से 120 रुपये किलो से बढ़कर 150 से 160 रुपये किलो बिक रहा है। संतरा 30 रुपये से बढ़कर 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं, अंगूर 60 रुपये से बढ़कर 100 रुपये किलो, अनार 80 रुपये से बढ़कर 100 रुपये किलो, पपीता 40 रुपये से बढ़कर 60 रुपये किलो बिक रहा है।
महाराणा प्रताप चौक स्थित फल विक्रेता प्रदीप ने बताया कि गर्मी के दिनों में फलों की बिक्री और मांग दोनों बढ़ जाती हैं। इस मौसम में लोग अधिक मात्रा में फल खरीदते हैं जिससे उनकी खपत सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। बढ़ती मांग के कारण फलों के दामों में भी तेजी देखने को मिल रही है। फल विक्रेता नरेश का कहना है कि शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के चलते भी फलों की मांग में वृद्धि हुई है। इसका सीधा असर कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न फलों की गुणवत्ता के अनुसार उनके दामों में भी अंतर देखने को मिल रहा है।