केंद्रीय मंत्री के स्वागत को लेकर बैठक करते भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। अहीरवाल में गुरुग्राम से लेकर महेंद्रगढ़ तक भाजपा संगठन की ओर से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की यात्रा के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। 16 अगस्त को यादव दिल्ली से रवाना होंगे। फिर गुरुग्राम में सम्मान समारोह के बाद उनके पैतृक गांव जमालपुर में सभा व रात्रि ठहराव के बाद मानेसर में कार्यक्रम है।
इसके अलावा 17 अगस्त को रेवाड़ी-गुरुग्राम सीमा पर कापड़ीवास में पहला सम्मान समारोह रखा गया है। पूरे जिले में करीब 12 स्थानों पर पूर्व सांसद से लेकर पूर्व विधायक व पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मा सौंपा गया है। कापड़ीवास में जहां पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास सम्मान समारोह में शामिल हो सकते हैं। वहीं खोरी में पूर्व सांसद सुधा यादव को भीड़ जुटाने का जिम्मा देने की बात कही जा रही है। बता दें कि सम्मान समारोह कराने वालों में अधिकतर विधायक व सांसद का चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को लगाया गया है। बता दें कि भूपेंद्र यादव गुरुग्राम के गांव जमालपुर निवासी हैं और वर्तमान में राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं।
वीरकुमार को बनाया गया है यात्रा का संयोजक
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव की स्वागत यात्रा की तैयारी को लेकर एक बैठक हुई। जिसमें जिले के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष हुकमचंद यादव ने कहा कि आहिरवाल के क्षेत्र में इस यात्रा को लेकर बड़ा जोश उत्साह व उमंग है। यह स्वागत यात्रा ऐतिहासिक होगी। यात्रा को सफल बनाने के लिए पूर्व प्रदेश महासचिव वीरकुमार यादव को संयोजक बनाया गया है। भाजपा रेवाड़ी जिला प्रभारी संदीप जोशी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की जहां ड्यूटी लगाई जाएगी। वह अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से और लगन से पूरी करें। सभी अनुशासित तरीके से करोना के नियमों का पालन करते हुए इस स्वागत यात्रा को पूर्ण करने में सहयोग करें। यात्रा के प्रदेश संयोजक महेश चौहान व जिला संयोजक वीर कुमार यादव ने बताया कि कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव के स्वागत के लिए निकली जानी वाली यह यात्रा कापड़ीवास से शुरू होकर मसानी, अभय सिंह चौक, दिल्ली रोड, धारूहेड़ा चुंगी, मेन बाजार, नाईवाली, खोरी होकर पाडला में सम्पन्न होगी। इसके बाद महेंद्रगढ़ में सम्मान समारोह के कार्यक्रम रखे गए हैं।