राजीव चौक पर प्रदर्शन करते ग्रामीण चौकीदार।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। वन विभाग मजदूर यूनियन की ओर से बुधवार को मांगों के लिए वन विभाग के कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया गया। साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। कर्मचारियों ने कहा कि पिछले दिनों भी कर्मचारियों की ओर से मांगों को लेकर बेमियादी धरना दिया गया था, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों को झूठा आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया गया था। धरने की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रधान विक्रम सिंह ने कहा कि पिछले दिनों कर्मचारियों को उनकी मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी भी किसी कर्मचारी के पीएफ व ईएसआई नहीं काटा जा रहा है। वहीं अभी भी किसी भी कर्मचारी को उसका बकाया एरियर नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में काफी रोष हैं। इस अवसर पर राज्य उपप्रधान जगदीश, नेत्रपाल, बिरेंद्र सिंह, सुमित्रा देवी, बबली, संतोष, लक्ष्मी, सुमन, कमला, कमलेश, सुशीला, प्रकाश, सुमित्रा आदि मौजूद थे।
उधर, ग्रामीण चौकीदार संगठन हरियाणा के तत्वावधान में ग्रामीण चौकीदारों ने मांगों को लेकर दूसरे दिन भी धरना दिया। जिला सचिव धनपत सिंह ने धरने की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मंगलवार को ग्रामीण चौकीदारों ने उपायुक्त के माध्यम से मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अभी तक उनकी मांगों को लागू नहीं किया गया है। ग्रामीण चौकीदारों ने सरकार से नियमित कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम वेतन 24 हजार रुपये देने, 65 वर्ष के बाद सेवानिवृत्त किए गए चौकीदारों को वापस लेने, पीएफ और ईएसआई कार्ड बनाने आदि मांगे शामिल हैं। इस अवसर पर राज्य संयोजक देवेंद्र कुमार, सुरेश, समुंद्र सिंह, सुशील कुमार लीलूराम, ब्रह्मदत, नरेश कुमार, धर्मबीर, राकेश, राजपाल, सुनील कुमार, कुलदीप, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।