कोसली, रेवाड़ी । सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि साधु संतों के दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए ताकि जीवन सच्चाई के रास्ते पर रहे। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र की जनता के जीवन भर ऋणी रहेंगे। इसके अलावा सांसद ने कहा कि कोसली की जनता ने तो उन्हें जीवन का सबसे बड़ा उपहार दिया है। उनके जीवन का एक ही लक्ष्य है कि प्रत्येक व्यक्ति को उसका अधिकार मिले। सांसद ने अहीर रेजिमेंट की गठन की मांग को लेकर कहा कि इसके लिए वह हर संभव प्रयासरत हैं और एक बार फिर से केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के समक्ष भी रेजिमेंट की मांग को रखेंगे। मंगलवार को सांसद गांव टाकड़ी स्थित सतगुरु गरीबदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में में शिरकत कर रहे थे। उन्होंने संत गरीबदास की जीवनी पर प्रकाश डाला। कहा, साधु संत समाज को सही दिशा दिखाते है। उन्होंने गांव डिडोली में महराज रामकंवर दास द्वारा आयोजित हवन कार्यक्रम में भी शिरकत की।
बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्षी नेता अभी से मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं, जबकि उन्हें पता है कि प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की ही सरकार बनेगी। आज विपक्ष के पास काई मुद्दा नहीं है, सिर्फ किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति कर रहे हैं। करीब सात साल के शासन काल के दौरान मनोहर सरकार ने प्रदेश को विकास के मामले में कई कदम आगे पहुंचाया है। पूरे प्रदेश में एक समान विकास कार्यो का खाका तैयार किया गया है और मुख्यमंत्री ने हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यो की सौगात दी है। जल्द ही कोसली क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात मिलेगी। इस अवसर पर कमल सागर, भीम सिंह, करण लोहिया, ईश्वर तंवर, राकेश तंवर, बिजेंद्र जिंदल, दिलेर सिंह सरपंच, जीतपाल सिंह चौहान, राकेश शर्मा, रामेहर यादव, रणजीत सिंह, अजीत सिंह, कृष्ण देव आदि उपस्थित रहें।