कोरोना महामारी की मार के बाद अब रेवाड़ी में ब्लैक फंगस से पहली मौत का मामला सामने आया है। वहीं शुक्रवार को एक संदिग्ध मरीज के साथ ब्लैक फंगस के मरीजों का आंकड़ा 20 पहुंचा गया है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 23 मई को जिले में ब्लैक फंगस का 13वां संदिग्ध मरीज आया था। उसे गुरुग्राम के चंदू बुडेढ़ा एसजीटी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था लेकिन परिजन पीड़ित को रोहतक स्थित पीजीआई लेकर गए थे। पीजीआई में ही उसका उपचार चल रहा था। 25 मई को मरीज ने रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया। रेवाड़ी स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी शुक्रवार को मिली।
कोविड से एक मौत
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में शुक्रवार को कोविड संक्रमण के 93 नए मामले सामने आए हैं। जबकि संक्रमण से 387 नागरिक स्वस्थ हुए हैं। कोविड से शुक्रवार को एक मृत्यु हुई है। जिले में आरटीपीसीआर व रैपिड एंटीजन के कुल 1974 सैंपल लिए गए। 887 कोरोना के कुल सक्रिय मामले हैं। इनमें से 695 नागरिक होम आइसोलेट हैं। जिला में 2 लाख 14 हजार 234 लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है।