कोसली। गांव कारोली में दिवाली की रात बणी में लगी आग को बुझाने पहुंचे दमकल कर्मचारियों के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। इसमें 3 कर्मचारियों को चोटें आई हैं। एक कर्मचारी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, मामले की शिकायत पुलिस को भी दी गई है।
दिवाली की रात दमकल विभाग को सूचना मिली कि कोसली कस्बा में पड़ने वाले गांव कारोली की बणी में रखे ईंधन में आग लग गई है। सूचना के बाद कोसली से दमकल की एक गाड़ी को मौके पर भेजा गया, लेकिन आग काफी ज्यादा होने के कारण दूसरी गाड़ी को भी तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया। इस बीच आग खेत की तरफ फैलती चली गई। ग्रामीणों ने मौके पर दमकल की और गाड़ियां बुलाने की मांग की। नजदीक ही महेंद्रगढ़ के कनीना से एक गाड़ी बुलाने के साथ ही रेवाड़ी शहर से भी एक गाड़ी कारोली के लिए रवाना की गई। रेवाड़ी से चली दमकल की गाड़ी देरी से पहुंचने के कारण कुछ लोग दमकल कर्मचारियों पर भड़क गए।
गुस्साए लोगों ने दमकल की गाड़ी के चालक रमेश, कोसली से कर्मचारी नवीन, राजकरण की पिटाई शुरू कर दी है। फायर ऑफिसर मामचंद ने बताया कि रेवाड़ी से लीडिंग फायरमैन इंद्रजीत, धर्मेंद्र और चालक रमेश को रवाना किया गया, जबकि कोसली से प्रदीप, तेजबीर, नवीन कुमार, विनय व राजकरण को मौके पर भेजा था। फायर ऑफिसर ने बताया कि रेवाड़ी से कारोली की दूरी काफी ज्यादा है। हमारी कोशिश जल्द से जल्द पहुंचने की रहती है। हमने दो गाड़ियां कोसली और एक गाड़ी कनीना से पहले ही भेज दी थी। अगर कुछ मिनट देरी भी हो गई तो इसका मतलब कर्मचारियों के साथ मारपीट करना बिल्कुल ठीक नहीं है। मारपीट करने वाले कुछ लोगों ने शराब पी हुई थी। चालक रमेश के पैर में चोट के कारण उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस को भी इससे संबंधित शिकायत दी है।
-
वर्जन:
दिवाली की रात में गांव कारोली में लगी कड़बी में आग बुझाते कर्मियों के साथ मारपीट करने की शिकायत फायरकर्मी राजकरण ने की है। इस विषय में घायल फायरकर्मी रमेश के बयान आने बाद कार्रवाई की जाएगी।
- राजेन्द्र शर्मा, थाना प्रभारी कोसली