रेवाड़ी। जनता बीजेपी व कांग्रेस के कुशासन से भली भांति परिचित हो चुकी है। जनता को कहीं काले धन के नाम पर तो कहीं 15 लाख रुपये खाते में देने के नाम पर बहकाया गया। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन प्रदेश की जनता के गाढ़े खून पसीने की कमाई को दोनों हाथों से लूटने में लगा हुआ है। यह बातें इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने कार्यकर्ता मिलन समारोह के बाद पत्रकार वार्ता में कहीं।
उन्होंने कहा कि जनता एक बार फिर इनेलो की ओर आशा और उम्मीद के साथ देख रही है। प्रदेश में आने वाली सरकार इंडियन नेशनल लोकदल की बनेगी। कार्यक्रम में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक नफे सिंह राठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, पूर्व मंत्री श्याम सिंह राणा की उपस्थिति रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनेलो जिला प्रधान डॉ. राजपाल यादव ने की। मंच संचालन प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट रजवन्त डहीनवाल ने किया।
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि इनेलो की सरकार ने आपके द्वार कार्यक्रम के तहत हर गांवों में जाकर समस्याएं सुनीं और वहीं पर उसका समाधान करने का काम किया। लेकिन आज की सरकार की हालत ऐसी है कि मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर उसके हलके में नहीं उतरने दिया। ये सब सरकार की नाकामी की वजह से हुआ और जनता का गुस्सा अब सड़क पर आने लगा है। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि 3206 अध्यापकों को नौकरी देने पर मुझे 10 साल की सजा भुगतनी पड़ी। अबकी बार सरकार बनने पर हर पढ़े लिखे को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी देने का काम करेंगे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त डीडीपीओ लालाराम यादव, तेजपाल, देवेंद्र, देशवाल, वैभव राव, जिला प्रभारी नरेंद्र प्रजापति, राज सिंह, संपतराम डहीनवाल, जगदीश प्रसाद डहीनवाल, रामकिशन छिल्लर, विनय जेलदार, धर्मबीर, महिला प्रधान कमला शर्मा, आदि उपस्थित रहे।
ऐलनाबाद उपचुनाव को टाल रही है सरकार:
पूर्व सीएम ने पत्रकारों से कहा कि जनता इस सरकार से परेशान हो चुकी है और इनेलो पार्टी की सरकार बनाना चाहती है। क्योंकि हमने अपने शासनकाल में अच्छे काम किए हैं। यही नहीं इनेलो पार्टी के विधायक अभय चौटाला ने किसानों के समर्थन में अपने पद से इस्तीफा दिया। ताकि किसानों की आवाज को बुलंद किया जा सके। इसके साथ ही वहां 6 महीने के अंदर चुनाव कराने चाहिए। लेकिन सरकार आज डरी हुई है और बेवजह ऐलनाबाद उपचुनाव को टाल रही है। गठबंधन सरकार को अपनी सत्ता खोने का डर है। लेकिन कब तक बचेंगे इनको जनता के बीच जाना ही पड़ेगा और जनता इनको सबक सिखाने का काम करेगी।