ट्रॉमा सेंटर में निरीक्षण के दौरान पूछताछ करते उपायुक्त यशेंद्र सिंह।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने रविवार को शहर के ट्रॉमा सेंटर और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान वन स्टाप सेंटर में एक कर्मचारी गैरहाजिर मिला। इस दौरान उन्होंने उसे कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया। साथ ही कहा कि जन सेवा से जुडे़ विभाग के कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अपना दायित्व निभाएं, नहीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में मरीजों से बात की और वन स्टॉप सेंटर में ड्यूटी से अनुपस्थित कर्मचारियों को लेकर जवाब तलबी की।
उपायुक्त ने कहा कि कर्मचारी सरकार के हर आदेश और निर्देश का पालन करें। साथ ही ट्रॉमा सेंटर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश भी उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि हम सब जनता के प्रति जवाबदेह हैं और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने निरीक्षण के दौरान बिना वर्दी मिले चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को सचेत किया कि भविष्य में ड्यूटी के दौरान सरकार के नियमों का पालन किया जाए।
--------------------------------
वन स्टॉप सेंटर में गैर हाजिर मिले कर्मचारी
उपायुक्त को शहर में जरूरतमंद महिलाओं के सहयोग के लिए स्थापित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करने पर महिला कर्मचारी डयूटी से गायब मिले। उन्होंने इसे गंभीर विषय मानते हुए भविष्य में ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाने की बात कही।
-------------------
कोट
- ट्रॉमा सेंटर और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया। स्टॉप सेंटर पर चौकीदार मिला। महिला कर्मचारी नहीं मिली। चेतावनी दी गई है। भविष्य में कोताही दिखी तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
- यशेंद्र सिंह उपायुक्त।