सदर थाना पुलिस ने बिजली कर्मियों के साथ मारपीट करके सरकारी ड्यूटी में बांधा पहुंचाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गंगायचा जाट निवासी राजपाल के रूप में हुई।
जांचकर्ता टेकचंद ने बताया कि पाल्हावास स्थित बिजली निगम के पॉवर हाउस में तैनात कनिष्ठ अभियंता हरि प्रकाश, एएलएम रविंद्र व चालक रिंकू सरकारी गाड़ी लेकर गांव गंगायचा जाट में बिजली से संबंधित एक शिकायत के समाधान के लिए पहुंचे थे। इससे संबंधित एक शिकायत सीएम विंडो पर भी लगी हुई है। इस दौरान निगम के ठेकेदार ने काम शुरू किया तो कुछ ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद वहां राजपाल पुत्र रामकुमार तथा जगबीर पुत्र धर्मबीर ने काम को धमकी देकर रुकवा दिया। जेई ने काम चालू रखने की बात कि तो दोनों आरोपी तैश में आ गए और फिर हाथापाई शुरू कर दी।
इस बीच सहायक लाइनमैन रविंद्र ने अपने मोबाइल से दोनों की वीडियो बनानी शुरू की तो उसका मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसके बाद जेई के साथ मारपीट करते हुए उनके कपड़े तक फाड़ डाले। पुलिस ने जेई की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बांधा डालने तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके मामले में एक आरोपी गंगायचा जाट निवासी राजपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।