कोसली। एक विद्यार्थी को अच्छा नागरिक बनाने में माता-पिता के बाद शिक्षक वर्ग का अहम योगदान होता है। शिक्षकों को चाहिए कि वो विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देकर संस्कारवान बनाएं। उक्त बातें सहकारितामंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहीं हैं। वे शनिवार को कोसली सिथत विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने उपरान्त अपना संबोधन दे रहे थे।
इससे पहले मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल और कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को उनके प्रयासों के लिए हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन करने की भावना का संचार होता है। डॉ. बनवारी लाल ने आईआईटी मेंस 2020 में चयनित छात्रा अंजलि गर्ग और प्रथम गर्ग तथा नीट 2021 परीक्षा में अग्रणी रहने पर पायल सिंगला और रमन शर्मा सहित सभी शिक्षकों को बधाई दी। विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के निदेशक देवेन्द्र शर्मा ने सभी मुख्य मेहमानों का स्वागत करते हुए संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्कूल प्राचार्य सुरेंद्र कुमार मौर्य, राष्ट्रपति अवॉर्डी छाजूराम, सुभाष गर्ग, उदय भान, राधेश्याम गर्ग, बसंत लोहिया, मदन लाल, डॉ. मनीष शर्मा, रोहताश यादव, प्रशांत एडवोकेट, तहसीलदार जितेंद्र कुमार, मास्टर रमेश यादव, सुनील शर्मा आदि उपस्थित थे।