लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेतीं एडीसी आशिमा सांगवान।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिला प्रशासन की ओर से आमजन से जुड़ी समस्याओं का निराकरण प्रभावी तरीके से करने के साथ ही सरकार की योजनाओं का लाभ डिजिटल सेवाओं के रूप में लाभपात्रों को दिया जा रहा है। सरकार द्वारा प्रदान सेवाएं सही ढंग से जरूरतमंद तक पहुंचे इसके लिए विभागीय स्तर पर अधिकारी सजगता से कार्य करें। यह बात एडीसी आशिमा सांगवान ने सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में सक्षम योजना, सीएम विंडो, सरल पोर्टल, परिवार पहचान पत्र प्रक्रिया व ई-ऑफिस की विभाग स्तर पर समीक्षात्मक बैठक के दौरान कहीं।
एडीसी आशिमा सांगवान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा सरकारी विभागों के माध्यम से लोगों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है और प्रत्येक विभाग को इसी समयावधि में ही आवेदन का निपटारा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो, सरल पोर्टल व ई-ऑफिस पर आने वाली समस्याओं व आवेदनों की संबंधित अधिकारी स्वयं मॉनिटरिंग करें और समस्याओं व आवेदनों पर तत्काल कार्यवाही करते हुए निपटारा करवाएं और लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने कहा कि आस-ऑटो अपील सॉफ्टवेयर आमजन के अधिकारों को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार का एक बड़ा कदम है। यदि किसी व्यक्ति का काम समय पर नहीं होता और वह काम सेवा का अधिकार अधिनियम के दायरे में आता है तो ऑटो अपील सॉफ्टवेयर के तहत आवेदन अपीलेट अथॉरिटी में चला जाएगा।
एडीसी ने सरल पोर्टल की समीक्षा करते हुए कहा कि आम जनता को सेवा का अधिकार अधिनियम के दायरे में आने वाली सेवाओं को समय पर उपलब्ध कराने पर रेवाड़ी जिला लगातार प्रदेशभर में अग्रणी चल रहा है। उन्होंने सीएम विंडो की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम विंडों पर दर्ज शिकायतों का निपटारा जल्द से जल्द करें ताकि पोर्टल पर जिला की रैंकिंग में और सुधार हो सके। बैठक में एसडीएम रविन्द्र यादव, एसडीएम संजीव कुमार, एसडीएम होशियार सिंह, सीटीएम रोहित कुमार सहित अन्य विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।