रेवाड़ी। जिलास्तरीय प्रश्नोत्तरी व निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन 18 नवंबर को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में किया जाएगा।
स्वीप के नोडल अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चुनाव साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए विधानसभा स्तर पर इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी कड़ी में जिले के बावल-72, कोसली-73 और रेवाड़ी-74 विधानसभा क्षेत्रों में प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई थीं। उन्होंने बताया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों से इन प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने वाले 10-10 विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एडीसी राहुल मोदी ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में चुनावी जागरूकता बढ़ने से भविष्य में जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता तैयार होंगे।