रेवाड़ी। जिले में विकास के काम नहीं हो रहे हैं। इसका कारण क्या है? क्या मैं सरकार से बात करूं? कहीं पैसे की दिक्कत हो रही है तो वह बताओ। उक्त सवाल केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत सिंह राव ने अफसरों से की है। वे वीरवार को पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में अधिकारी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मंत्री के प्रश्नों के जवाब में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता आदित्य देशवाल ने विकास कार्य न हो पाने का कारण तकनीकी खामियां बताईं। जिले में विकास कार्य न होने पर राव काफी नाराज दिख रहे थे।
इस दौरान केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आजादी अमृत महोत्सव के तहत सभी विभाग अपने अधिकार क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित अवधि में प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाना सुनिश्चित करें। आजादी के इस महोत्सव में जनसेवा को समर्पित होकर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। ताकि लोगों को प्रदत्त सेवाओं का लाभ तत्परता से मिल सके। डीसी यशेन्द्र सिंह ने केंद्रीय राज्यमंत्री को जिला में विकासात्मक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी और चल रहे विकास कार्यों को पॉवर प्रेजेंटेशन के माध्यम से अवगत कराया गया।
बोले-तालमेल के साथ विकास कार्य पूर्ण कराने में भागीदार बनें अधिकारी
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि अधिकतर विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग की अहम भूमिका है। ऐसे में संबंधित विभाग अपने विकास कार्यों को प्रभावी रूप से पूरा करवाने में तालमेल बनाएं और कार्य पूर्ण समय पर सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा जिला के विकास के लिए की गई घोषणाओं की भी प्रगति रिपोर्ट लेते हुए सकारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में विभागीय स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया और जिन विभागों के कार्य की गति धीमी थी उन्हें गंभीरता से अपने दायित्व का निवर्हन करने के लिए कहा ताकि लंबित कार्य जल्द पूरे हो सकें।
माजरा में प्रस्तावित एम्स निर्माण प्रक्रिया को तत्परता से कराने के दिए निर्देश
बैठक में माजरा में प्रस्तावित एम्स को लेकर निर्माण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए मंत्री राव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्परता से रजिस्ट्री प्रक्रिया को शुरू करते हुए आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाए। वहीं रेवाड़ी शहर में नए बस स्टैंड निर्माण को लेकर अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 12 में बनने वाले नए बस स्टैंड क्षेत्र में हाइटेंशन तारों को हटाने का कार्य बिजली निगम की ओर से अमल में लाया जा रहा है। समीक्षात्मक बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, हैफेड, बिजली, रोडवेज, जनस्वास्थ्य, सिंचाई सहित अन्य विभागों से सम्बंधित चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार में सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, कोसली से विधायक लक्ष्मण यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हुकमचन्द व नगर परिषद चेयरपर्सन पूनम यादव, सीईओ जिला परिषद रविंद्र यादव, डीएमसी भारत भूषण गोगिया, एसडीएम बावल संजीव कुमार, एसडीएम कोसली होशियार सिंह, सीटीएम देवेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।