कोसली थाना प्रभारी मनोज को मिनी सचिवालय परिसर में निगम के कार्यकारी अभियंता विजयपाल कि मौजूदगी ?
- फोटो : Rewari
कोसली डिविजन के विद्युत निगम कर्मचारियों ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में नारेबाजी करते हुए सब डिविजन कार्यालय से पैदल चलकर मिनी सचिवालय तक पहुंचे और कोसली थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी मनोज यादव को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने बताया कि दो दिन में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर गांव मुमताजपुर में हमला करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो 24 सितंबर से सर्कल कार्यालय पर इस मामले को स्थानांतरित कर डीसी कार्यालय के सामने लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत शांतिपूर्वक धरना दिया जाएगा। इस दौरान समूचे सर्कल में कोई भी कर्मचारी काम नहीं करेगा। इससे पहले सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान धनराज के नेतृत्व में निगम कर्मचारियों कि एक सभा सब डिविजन कार्यालय कोसली में हुई।
धनराज ने बताया कि बिजली निगम के कर्मचारियों कि टीम 26 अगस्त को मुमताजपुर में बिजली चोरी पकड़ने गई थी, जिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम में शामिल लोगों के साथ मारपीट की थी। इसे लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने की बजाय उनका बचाव करने का प्रयास कर रही है। सब डिविजन प्रधान जय सिंह ने कहा कि घटना को हुए एक माह का समय होने वाला है और पुलिस की लापरवाही के चलते लोगों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि गांव फतेहपुरी में पुलिस कि मौजूदगी में न केवल बिजली चोरी पकड़ने गई टीम के साथ मारपीट की गई बल्कि उनका मोबाइल भी रख लिया। बंधक भी बनाया। इसके बाद 18 सितंबर को फिर से बिजली चोरी पकड़ने गए कर्मचारियों के साथ नेहरुगढ़ में मारपीट हुई। इस मौके पर महेश, जेई चरण सिंह, दिनेश कुमार, विनोद सहित अनेक कर्मचारी मौजूद थे। इस बारे में थाना प्रभारी मनोज यादव ने बताया कि वे बिजली निगम के कर्मचारियों को जल्द ही उनकी इस मांग को पूरा करने का प्रयास करेंगे ।