समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पुल के साथ 18 फुट चौड़ी सर्विस रोड बनाने की स्वीकृति हरियाणा सरकार की ओर से पहले ही दी जा चुकी है। यह स्वीकृति 30 जनवरी 2025 के तहत करीब 13.80 करोड़ रुपये की लागत से प्रदान की गई है।
इसके बाद संबंधित मकान मालिकों की आपत्तियों के चलते इस परियोजना में लगभग 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की भी मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
आगे बताया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह सर्विस रोड शाहजहांपुर की ओर दोनों तरफ लगभग 1058.82 वर्ग गज तक ही बनाई जाएगी जो चौखराज सैनी की चक्की तक सीमित रहेगी। ऐसे में योजना का लाभ मुख्य रूप से न्यू आदर्श नगर क्षेत्र को ही मिलेगा जबकि हंस नगर के निवासी इस सुविधा से वंचित रह जाएंगे।
-
हंस नगर में भी बड़ी संख्या में रहते हैं परिवार
समिति ने स्पष्ट किया है कि हंस नगर में भी बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं जिनमें बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा शामिल हैं। बावजूद इसके क्षेत्र में आज तक पर्याप्त चौड़ाई वाली सड़क उपलब्ध नहीं है। जो रास्ता मौजूद है, वह भी संकरा है और उस पर जगह-जगह बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं जिससे आवागमन और अधिक बाधित होता है।
आपातकालीन सेवाएं भी रहती हैं प्रभावित
सड़क की कमी के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और सफाई वाहनों को क्षेत्र में पहुंचने में काफी कठिनाई होती है। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि समय पर सहायता नहीं मिल पाती जिससे लोगों की जान और संपत्ति दोनों खतरे में पड़ सकती हैं।
समिति के प्रधान ने की ये मांग
समिति के प्रधान आरडी शर्मा ने कहा कि हंस नगर के लोगों को भी अन्य कॉलोनियों की तरह समान सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने विधायक से आग्रह किया है कि स्वीकृत सर्विस रोड को आगे बढ़ाकर हंस नगर को मुख्य सड़क से जोड़ा जाए और कम से कम 18 फुट चौड़ी सड़क उपलब्ध कराई जाए। यह केवल सुविधा का मुद्दा नहीं बल्कि सुरक्षा और जीवन से जुड़ा विषय है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।