रेवाड़ी। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी होने लगी है। राहत देने वाली यह है कि कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। जिले में शनिवार को जहां एक ओर 184 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है वहीं 209 मरीजों ने कोरोना को मात दी। जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1042 है। इससे पहले शुक्रवार को 362 व वीरवार को 359 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई थी, जो कि एक ही दिन सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मिलने का रिकार्ड था।
जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को 1078 सैंपल लिए गए। वहीं 625 की रिपोर्ट लंबित है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना के बढ़ते मामाले को देखते हुए जिले में संक्रमण दर 4.03 प्रतिशत हो गई है। वहीं कोरोना संक्रमण से स्वस्थ्य होने वालों की दर 94.27 प्रतिशत है। जिला प्रशासन की ओर से टोल फ्री नंबर 1950 शुरू किया गया है। जिसकी मदद से 24 घंटे कोविड से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली जा सकती है। वहीं आमजन को स्वास्थ्य सेवा व कोरोना से बचाव की जानकारी के लिए स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर 946677510, 01274-250764 व 01274-256086 पर भी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
बाल रोग विशेषज्ञों का कहना है कि जिन घरों में माता पिता या अन्य स्वजन संक्रमित हो रहे हैं उनके संपर्क में आने से बच्चों पर असर पड़ रहा है। किसी को कोविड संक्रमण है या नहीं यह केवल कोविड सैंपल जांच से ही पता चलता है। ऐसे में सामान्य स्थिति में कोरोना संक्रमित होने वाले बच्चे को विशेष दवा देने की आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती गई है। नागरिक अस्पताल में वेंटिलेटर और अन्य सुविधाओं से युक्त बाल चिकित्सा गहन देखभाल इकाई (पीआइसीयू) केंद्र स्थापित किया गया है ताकि किसी भी बच्चे को दिक्कत होने पर तत्काल उपचार किया जा सके।